Live VNS

बंदरों की समस्या का स्थायी समाधान खोजेगा प्रशासन, रेस्क्यू सेंटर बनाने की तैयारी

बंदरों की समस्या का स्थायी समाधान खोजेगा प्रशासन, रेस्क्यू सेंटर बनाने की तैयारी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

हाथरस, 20 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में बंदरों की बढ़ती संख्या और उनके आतंक से आमजन को हो रही परेशानियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने अब समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में मानव-बंदर संघर्ष को कम करने के लिए अंतर्विभागीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में जिलाधिकारी ने बंदरों की बढ़ती संख्या, मानव बस्तियों में उनके बढ़ते आवागमन और इससे उत्पन्न होने वाली समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बंदरों की अनुमानित संख्या का आकलन कराने और मानव-बंदर संघर्ष के प्रमुख कारणों को चिह्नित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समस्या के समाधान के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ ठोस कार्ययोजना तैयार करें।

जिलाधिकारी ने अभियान के दौरान पकड़े जाने वाले बंदरों को सुरक्षित रखने के लिए रेस्क्यू सेंटर स्थापित करने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही बंदरों को निर्धारित स्थानों पर सुरक्षित रखने और उनके प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बंदरों के प्राकृतिक आवास को विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया। इसके लिए चिन्हित वन क्षेत्रों को सघन बनाने और अधिक से अधिक फलदार वृक्षों का रोपण कराने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद में कपि वन विकसित करने की योजना को आगे बढ़ाने को कहा, जिससे बंदरों को उनके प्राकृतिक आवास में ही भोजन और रहने की पर्याप्त सुविधा मिल सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि मानव-बंदर संघर्ष का स्थायी समाधान केवल प्रशासनिक प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें आम नागरिकों की सहभागिता भी बेहद जरूरी है। इसके लिए जनजागरूकता अभियान और जनसहयोग संवाद कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को जागरूक किया जाए। बैठक में जिला विकास अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, उप निदेशक कृषि, जिला उद्यान अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका एवं नगर पंचायत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…