Live VNS

मीरजापुर : हलिया के 30 गांवों में छह साल तक चलेगी ग्रामीण विकास परियोजना, 1948 किसानों को मिलेगा लाभ

मीरजापुर : हलिया के 30 गांवों में छह साल तक चलेगी ग्रामीण विकास परियोजना, 1948 किसानों को मिलेगा लाभ

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

- जिला परियोजना प्रबंधक ने गेहूं बीज वितरण केंद्र का किया औचक निरीक्षण, 133 तालाबों का होगा निर्माण और जीर्णोद्धार

मीरजापुर, 27 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की आय बढ़ाने और गांवों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने के उद्देश्य से विश्व बैंक के सहयोग से संचालित यूपी ग्रामीण परियोजना के तहत मीरजापुर के हलिया ब्लॉक में व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। परियोजना के अंतर्गत हलिया के 30 गांवों के 1948 किसानों को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। शुक्रवार को जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. एसजी राजपूत ने गेहूं बीज वितरण केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोदाम में बीज वितरण की व्यवस्था, अभिलेखों और भंडारण की स्थिति की जांच की। साथ ही मौजूद किसानों से बीज वितरण के संबंध में जानकारी ली और संबंधित कर्मचारियों को पारदर्शिता एवं व्यवस्थित तरीके से वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला परियोजना प्रबंधक ने बताया कि यूपी ग्रामीण परियोजना पूर्वांचल के 21 जिलों में संचालित है। इसमें उत्तर प्रदेश सरकार का 25 प्रतिशत और विश्व बैंक का 75 प्रतिशत अंशदान है। परियोजना का मुख्य उद्देश्य किसानों को समूहों से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि करना, कृषि की आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देना और ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध प्राकृतिक एवं अन्य संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बताया कि मीरजापुर के आकांक्षी विकासखंड हलिया के 30 गांवों का चयन परियोजना के लिए किया गया है। यहां 1440 हेक्टेयर क्षेत्र में विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इसके लिए 13 किसान समूह गठित किए गए हैं, जिनसे 1948 किसान लाभान्वित होंगे। परियोजना की अवधि छह वर्ष निर्धारित की गई है।

परियोजना के तहत किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, जल संरक्षण, तालाबों के विकास और समूह आधारित स्वरोजगार से जोड़ने की योजना है। इसके अलावा क्षेत्र में 133 तालाबों का निर्माण अथवा जीर्णोद्धार कराया जाना प्रस्तावित है। डॉ. राजपूत ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत अब तक 10 समूहों का गठन किया जा चुका है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान गोदाम प्रभारी सौरभ शुक्ला, सौरभ यादव, दीपक सिंह, नीरज सिंह, रवि सिंह और रोहित सिंह मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…