Live VNS

दो बाइकों की भिड़ंत के बाद ट्रेलर की चपेट में आए दो युवक, मौत

दो बाइकों की भिड़ंत के बाद ट्रेलर की चपेट में आए दो युवक, मौत

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जौनपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में चंदवक थाना क्षेत्र के खुज्झी गांव के पास मंगलवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर के बाद ट्रेलर की चपेट में आने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान थून्ही गांव निवासी चंदन मौर्य (22) पुत्र राजकुमार और सोनू मौर्य (24) पुत्र जयकिशन के रूप में हुई है।दोनों युवक मुंबई में रहकर नौकरी करते थे और छठ पूजा पर घर आए थे। मंगलवार रात किसी काम से चंदवक बाजार गए थे। वहां से बाइक से अपने गांव थून्ही लौट रहे थे। खुज्झी गांव के पास दो बाइकों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान वहां से गुजर रहे ट्रेलर की चपेट में आने से दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

क्षेत्राधिकारी केराकत गिरेंद्र कुमार ने बुधवार सुबह बताया कि ट्रेलर की चपेट में आने से हादसा हुआ है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…