शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता : उमेश मिश्रा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जौनपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर के नवागत जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने आज कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके लिए सभी विभागों के अधिकारियों के साथ टीम भावना से काम किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक कार्यों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी और आम लोगों को एक ही काम के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
मंगलवार काे कार्यभार ग्रहण करने के बाद पत्रकार वार्ता में जिलाधिकारी ने अपनी प्राथमिकताएं गिनायीं। उन्हाेंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। प्रशासन का प्रयास रहेगा कि लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ सरलता और सुगमता से मिल सके। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा रहा है तथा विभिन्न बूथों पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के माध्यम से विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके ऐसे युवा, जिनका नाम सूची में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वा सकते हैं। वहीं, मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 का उपयोग किया जा सकता है।
डीएम ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी बनाने के लिए राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, शिक्षकों और छात्र समूहों के साथ बैठकें की जाएंगी। इसके साथ ही लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उन्होंने नागरिकों से इसमें सक्रिय भागीदारी करने और मांगी गई जानकारी सही-सही उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान किसी भी व्यक्ति को कोई दस्तावेज देने की आवश्यकता नहीं है। साथ ही लोगों को आगाह किया कि वे किसी के साथ अपना ओटीपी साझा न करें।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव