Live VNS

खाटू श्याम की भजन संध्या में बंटी खुशियां, 250 जरूरतमंदों को मिला कंबल का सहारा

खाटू श्याम की भजन संध्या में बंटी खुशियां, 250 जरूरतमंदों को मिला कंबल का सहारा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

मीरजापुर, 12 नवंबर (हि.स.)। छानबे क्षेत्र के जिगना गांव में गुरुवार शाम आयोजित खाटू श्याम भजन संध्या में जरूरतमंदों को ठंड से राहत देने की पहल की गई। कार्यक्रम में एमएलसी श्याम नारायण उर्फ विनीत सिंह और नगर पालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने गरीब परिवारों के 250 लोगों को कंबल वितरित किए।

इस मौके पर एमएलसी विनीत सिंह ने कहा कि सर्द मौसम में जरूरतमंदों को कंबल और गर्म कपड़े देना पुनीत कार्य है। इससे जरूरतमंदों को ठंड से बचाव में मदद मिलती है। मनोज जायसवाल ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए आयोजकों के प्रति आभार जताया।

भजन संध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और श्रोता जुटे। बहराइच से आईं गायिका श्रीदेवी ने खाटू श्याम के भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों पर श्रोता झूमने और नाचने लगे। देर तक भक्ति संगीत का दौर चलता रहा।

कार्यक्रम के अंत में समिति अध्यक्ष प्रेम बहादुर सिंह ने अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य पार्थ सिंह, समाजसेवी कर्मेश चंद्र तिवारी, संतोष पाठक, अमर बहादुर सिंह, पंच बहादुर सिंह, मंगला पांडेय, डॉ. विजय गुप्ता और सुरेंद्र सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…