कानपुर देहात में 19 नवंबर से चलेगा फाइलेरिया उन्मूलन अभियान, 15.37 लाख लोगों को दवा खिलाने का लक्ष्य

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
कानपुर देहात, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात को वर्ष 2027 तक फाइलेरिया मुक्त बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। इसके तहत 19 नवंबर से सात दिसंबर तक सामूहिक दवा सेवन अभियान चलाया जाएगा। जिले के सात ब्लॉकों में 15.37 लाख पात्र लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 1235 टीमें घर-घर पहुंचेंगी। अभियान में खास तौर पर उन लोगों को दवा सेवन के लिए प्रेरित किया जाएगा, जिन्होंने पहले कभी दवा नहीं खाई या किसी कारण से लेने से इनकार कर दिया था।
मंगलवार को एक स्थानीय होटल में स्वास्थ्य विभाग ने सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च (सीफार) के सहयोग से जनपद स्तरीय मीडिया कार्यशाला आयोजित की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयगोविन्द ने बताया कि फाइलेरिया संक्रमण की कड़ी तोड़ने के लिए प्रत्येक पात्र व्यक्ति का दवा खाना जरूरी है। केवल दवा बांटने से इसका उन्मूलन संभव नहीं है। इसलिए स्वास्थ्यकर्मी अपने सामने ही लोगों को दवा का सेवन कराएंगे।
उन्होंने बताया कि पहले जिले के दस ब्लॉक फाइलेरिया प्रभावित थे। लगातार प्रयासों से सरवनखेड़ा, संदलपुर और मैथा में संक्रमण पर नियंत्रण की स्थिति हासिल हुई है। अब अकबरपुर, अमरोधा, डेरापुर, झींझक, राजपुर, मलासा और रसूलाबाद में अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए 208 ड्रग एडमिनिस्ट्रेटर और 2470 आशा कार्यकर्ताओं की भी तैनाती की गई है।
डिप्टी सीएमओ एवं अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. डीके सिंह ने बताया कि फाइलेरिया संक्रमित मादा क्यूलेक्स मच्छर के काटने से फैलता है। इसके लक्षण कई वर्षों बाद सामने आ सकते हैं। बीमारी बढ़ने पर हाथ-पैर में असामान्य सूजन और पुरुषों में हाइड्रोसील की समस्या हो सकती है। हाथीपांव विकसित होने के बाद उसका पूर्ण उपचार संभव नहीं है। ऐसे में सामूहिक दवा सेवन संक्रमण से बचाव का प्रभावी माध्यम है।
अभियान में पात्रता के अनुसार डीईसी, एल्बेंडाजोल और आइवरमेक्टिन दवाएं दी जाएंगी। दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को दवा नहीं दी जाएगी। डीईसी खाली पेट नहीं खानी है, जबकि एल्बेंडाजोल चबाकर लेनी होगी।
कार्यशाला में फाइलेरिया पीड़ित सुरेश गुप्ता और सत्यनारायण राजपूत ने बीमारी से होने वाली शारीरिक और सामाजिक परेशानियों को साझा करते हुए लोगों से दवा खाने की अपील की। इस दौरान दस पत्रकारों ने भी दवा का सेवन कर जागरूकता का संदेश दिया।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अभियान में सहयोग करने की अपील की है। किसी भी जानकारी या चिकित्सीय सहायता के लिए कंट्रोल रूम नंबर 9651279971 जारी किया गया है। आपात स्थिति से निपटने के लिए रैपिड रिस्पॉन्स टीम भी सक्रिय रहेगी।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / अवनीश अवस्थी