फाइलेरिया की दवा के बाद हल्का बुखार और उल्टी आदि आना सामान्य प्रतिक्रिया, घबराएं नहीं : स्वास्थ्य विभाग

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
कानपुर देहात, 25 नवंबर (हि.स.)। फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत दवा सेवन के बाद कुछ लोगों में हल्की प्रतिकूल प्रतिक्रिया (एडीआर) सामने आ रही है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि हल्का बुखार, सिरदर्द, चक्कर, उल्टी और खुजली जैसी शिकायतें सामान्य हैं। ये लक्षण शरीर में मौजूद फाइलेरिया के परजीवियों के नष्ट होने के कारण हो सकते हैं। आमतौर पर ये 24 से 48 घंटे में ठीक हो जाते हैं।
मलासा ब्लॉक के कैलाइ गांव में आशा कार्यकर्ता बृजवती देवी की टीम घर-घर दवा खिला रही थी। इसी दौरान सूरज कुमार (40) और लाखन सिंह (17) ने भोजन के बाद दवा का सेवन किया। करीब दो घंटे बाद दोनों को सिरदर्द, बदन दर्द और हल्का बुखार महसूस हुआ। आशा कार्यकर्ता ने उन्हें आराम कराया और पानी, ओआरएस तथा पैरासिटामोल दी। करीब चार घंटे में उनकी तबीयत सामान्य हो गई। अगले दिन सूरज कुमार काम पर भी चले गए।
जिला मलेरिया अधिकारी मारुति दीक्षित के अनुसार, फाइलेरिया की डीईसी और अल्बेंडाजोल दवाएं शरीर में मौजूद परजीवियों को नष्ट करती हैं। इसी प्रक्रिया में कुछ लोगों को अस्थायी प्रतिक्रिया हो सकती है। उन्होंने बताया कि दवा हमेशा भोजन के बाद ही लेनी चाहिए। हल्की परेशानी होने पर आराम करें और पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस या नींबू पानी लें।
स्वास्थ्य विभाग ने चेताया है कि सांस लेने में दिक्कत, शरीर में तेज सूजन, लगातार उल्टी, तेज बुखार या बेहोशी जैसी स्थिति होने पर तत्काल नजदीकी प्राथमिक या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचें। प्रत्येक ब्लॉक में इसके लिए रैपिड रिस्पॉन्स टीम तैनात की गई है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / अवनीश अवस्थी