उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में 2017 से ज्यादा सीटें जीतेगी भाजपा: केशव मौर्य

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
महाेबा, 28 नवंबर (हि.स.)। एक दिवसीय दौरे पर शनिवार को महोबा पहुंचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा-कांग्रेस एंड कंपनी गठबंधन करके आएं चाहे अलग-अलग आएं, इनको धूल चटाकर कमल का फूल खिलाना है और ऐसा सबक सिखाना है कि देश और प्रदेश पीछे मुड़कर देखने वाला नहीं है।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनपद महोबा भ्रमण के दौरान चरखारी स्थित पुराने राजमहल पहुंचकर पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत के भाई एवं चरखारी विधायक बृजभूषण सिंह उर्फ गुड्डू राजपूत के चाचा स्वर्गीय गिरजाचरण राजपूत को श्रद्धांजलि अर्पित की। शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी शोक-संवेदनाएं व्यक्त कीं।
इस अवसर पर आयोजित शोकसभा एवं जनसभा को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत महत्वपूर्ण बताते हुए प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश में चौथी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनाना आवश्यक है।भ्रमण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने चरखारी स्थित श्री गोवर्धन नाथ जू मंदिर पहुंचकर दर्शन किए। विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं जनपद की सुख-समृद्धि की कामना की।
इसके अतिरिक्त उप मुख्यमंत्री ने चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत के मोती महल स्थित आवास पर पहुंचकर उनसे भेंट की तथा जनपद के विभिन्न विषयों एवं विकास कार्यों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
जिसके बाद जनपद मुख्यालय स्थित सदर विधायक पंडित राकेश गोस्वामी के आवास पर पहुंचे डिप्टी सीएम ने कहा कि कमल है तो खुशहाली है। विकास, सुशासन और सुरक्षा है। सपा की साइकिल को गुंडागर्दी का प्रतीक बताते हुए उन्होंने कहा कि साइकिल का मतलब ही अराजकता है।
2027 विधानसभा चुनाव को लेकर केशव मौर्य ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि 2027 में तीसरी बार 2017 जैसी जीत दर्ज होगी और बुंदेलखंड की सभी 19 सीटों पर भाजपा का कमल खिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी