रेलवे ओवरब्रिज से गिरकर युवक की मौत

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
मीरजापुर, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में विंध्याचल थाना क्षेत्र स्थित गैपुरा चौकी से करीब पांच सौ मीटर उत्तर रेलवे ओवरब्रिज पर बुधवार रात बाइक असंतुलित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठा 28 वर्षीय युवक पुल से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बारात में शामिल लोगों में शोक छा गया।
भदोही जिले के कोइरौना थाना क्षेत्र के चैनपट्टी भीखीपुर गांव निवासी अंशुल यादव बुधवार रात करीब दस बजे बाइक से खम्हरिया दमुआन गांव में बारात में शामिल होने जा रहा था। बाइक रतन यादव चला रहा था। रतन के मुताबिक, ओवरब्रिज की टर्निंग पर बाइक अचानक असंतुलित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे पीछे बैठा अंशुल पुल के नीचे जा गिरा।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अंशुल को पीएचसी सर्रोई पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. पुनीत अग्रवाल ने हालत गंभीर देख उसे मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। मंडलीय अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, कलना गहरवार और आसपास के ग्रामीणों ने ओवरब्रिज पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि लगातार हादसों के बावजूद रेलवे विभाग की ओर से डिवाइडर पर जाली नहीं लगवाई जा रही है। चौकी प्रभारी संजय कुमार राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा