Live VNS

मानव जीवन का उद्देश्य आत्मकल्याण होना चाहिए: धनंजय द्विवेदी

मानव जीवन का उद्देश्य आत्मकल्याण होना चाहिए: धनंजय द्विवेदी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

- सिकरा कला में श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ, पहले दिन उमड़े श्रद्धालु

मीरजापुर, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के जिगना क्षेत्र के सिकरा कला गांव में मंगलवार को श्रीमद्भागवत कथा महापुराण का शुभारंभ हुआ। पहले दिन प्रयागराज से आए कथावाचक आचार्य धनंजय द्विवेदी महाराज ने कहा कि मानव शरीर देव दुर्लभ है। इस जीवन में अर्जित ज्ञान का उपयोग आत्मकल्याण और जीवन को सार्थक बनाने में करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मनुष्य को केवल संसार के लोगों से नहीं, बल्कि जगन्नाथ से सत्संग करना चाहिए। भगवान की कृपा से मिला मानव जीवन भजन, तीर्थाटन, दान और सत्कर्म में लगाना चाहिए। कथावाचक ने प्रभु कृपा, गुरु कृपा, शास्त्र कृपा और आत्म कृपा का महत्व भी बताया। कहा कि श्रीमद्भागवत कथा के श्रवण से ज्ञान और वैराग्य की प्राप्ति होती है तथा आत्मकल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है।

कथा प्रारंभ होने से पहले मुख्य यजमान रूप नारायण पाठक और कमला देवी ने श्रीमद्भागवत की आरती और पूजन किया। इस दौरान विमल पाठक, रवींद्र पाठक, राधेश्याम पाठक, जगदीश उर्फ सोनू पाठक, पन्नालाल पटेल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…