Live VNS

शौर्य, सेवा और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है पुलिस ध्वज: एसपी

शौर्य, सेवा और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है पुलिस ध्वज: एसपी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

- पुलिसकर्मियों को याद दिलाया गौरवशाली इतिहास, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के लिए किया प्रेरित

मीरजापुर, 23 नवंबर (हि.स.)। पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर सोमवार को पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्द पर पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने पुलिस ध्वज फहराकर सलामी दी। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को ध्वज के महत्व और उत्तर प्रदेश पुलिस के गौरवशाली इतिहास की जानकारी दी।

कार्यक्रम की शुरुआत क्षेत्राधिकारी चुनार गायत्री यादव ने एसपी का स्वागत पुलिस ध्वज का प्रतीक स्टीकर उनकी वर्दी की बाईं जेब के ऊपर लगाकर करने से हुई। इसके बाद एसपी ने ध्वज फहराकर सलामी दी। पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए एसपी ने कहा कि पुलिस ध्वज हमारे चरित्र, गौरवशाली इतिहास और देश व समाज के प्रति समर्पण का प्रतीक है। पुलिसकर्मियों ने अपने कौशल, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा से देश सेवा और जनसेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यह ध्वज सभी को नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है।

उन्होंने बताया कि 23 नवंबर 1952 को तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने उत्तर प्रदेश पुलिस को पुलिस कलर और ध्वज प्रदान किया था। इसी दिन पीएसी को भी ध्वज मिला था। उत्तर प्रदेश पुलिस देश का पहला राज्य पुलिस बल है, जिसे पुलिस ध्वज प्रदान किया गया। तभी से प्रत्येक वर्ष 23 नवंबर को पुलिस झंडा दिवस मनाया जाता है।

इस अवसर पर एसपी ने पुलिस महानिदेशक की ओर से भेजा गया शुभकामना संदेश भी पुलिसकर्मियों के साथ साझा किया। कार्यक्रम में एसपी ऑपरेशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी सदर, लालगंज और ऑपरेशन, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…