Live VNS

सार्वजनिक संस्थानों में पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी जरूरी : अमित

सार्वजनिक संस्थानों में पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी जरूरी : अमित

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

ट्रिपल आईटी में तीन माह का निवारक सतर्कता अभियान सम्पन्न सत्यनिष्ठा और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक किए गए विद्यार्थी व कर्मचारी

प्रयागराज, 17 नवंबर (हि.स.)। सार्वजनिक संस्थानों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी बेहद जरूरी है। संस्थानों में सत्यनिष्ठा के साथ काम करने से ही व्यवस्था में विश्वास और सुशासन मजबूत होता है। यह बातें हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड, बेंगलुरु के उप महाप्रबंधक (सतर्कता) अमित ने मंगलवार को भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी), झलवा में तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान के समापन समारोह में कहीं। उन्होंने सतर्कता के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए सार्वजनिक संस्थानों में नैतिक मूल्यों और पारदर्शी कार्यप्रणाली की आवश्यकता बताई।

संस्थान के निदेशक प्रो. मुकुल शरद सुतावणे ने कहा कि संस्थागत कार्यप्रणाली में नैतिक मूल्यों, शुचिता और सत्यनिष्ठा को अपनाना आवश्यक है। सतर्कता केवल नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कार्यसंस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा होनी चाहिए।

संस्थान के मुख्य सतर्कता अधिकारी प्रो. रजत सिंह ने बताया कि केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देश पर 17 अगस्त से 16 नवंबर 2026 तक तीन माह का निवारक सतर्कता अभियान चलाया गया। इसकी विषयवस्तु 'समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा' रही। इसके तहत 26 अक्टूबर से एक नवंबर तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह भी मनाया गया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को ईमानदारी, पारदर्शिता तथा जवाबदेही के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस की एसटीएफ, लखनऊ के अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. विशाल विक्रम सिंह ने 'साइबर धोखाधड़ी का पता लगाना एवं वित्तीय अपराधों की जांच' विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान दिया। इसके अलावा 'सतर्कता दिशानिर्देश एवं सरकारी व्यय से जुड़े मुद्दों' पर भी व्याख्यान आयोजित किया गया। निकिल राय ने सरकारी खरीद प्रक्रिया से संबंधित 'जेम (GeM) का परिचय एवं नवीनतम जानकारी' विषय पर प्रस्तुति दी।

सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता और सतर्कता को बढ़ावा देने के लिए विक्रेता सम्मेलन भी आयोजित किया गया। इसमें जेम के माध्यम से खरीद, पारदर्शिता और निर्धारित नियमों के अनुपालन पर चर्चा हुई। सुरक्षा कर्मियों के लिए सतर्कता एवं सुरक्षा जागरूकता बैठक भी आयोजित की गई।

अभियान के तहत सत्यनिष्ठा शपथ, पोस्टर चस्पा, भाषण, नारा लेखन, निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं भी कराई गईं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों और कर्मचारियों को नैतिकता तथा ईमानदारी के महत्व से परिचित कराया गया।

समापन समारोह में संस्थान की प्रशासनिक एवं संस्थागत कार्यप्रणाली में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…