Live VNS

प्रमुख अखाड़ों के संतों और महंतों ने कराई स्वगणना, प्रयागराजवासियों से की भागीदारी की अपील

प्रमुख अखाड़ों के संतों और महंतों ने कराई स्वगणना, प्रयागराजवासियों से की भागीदारी की अपील

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

डिजिटल माध्यम और निर्धारित प्रपत्रों से पूरी की प्रक्रिया, नगर निगम चला रहा स्वगणना अभियान

प्रयागराज, 22 नवंबर (हि.स.)। नगर निगम की ओर से संचालित स्वगणना अभियान में रविवार को शहर के प्रमुख अखाड़ों के संतों और महंतों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। नगर निगम की टीम ने क्षेत्रीय अधिकारियों की उपस्थिति में विभिन्न अखाड़ों में पहुंचकर संतों और महंतों की स्वगणना कराई। इस दौरान संतों ने डिजिटल माध्यम और निर्धारित प्रपत्रों के जरिए अपनी स्वगणना की प्रक्रिया पूरी की। साथ ही प्रयागराज के नागरिकों से भी अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के महंत यमुनापुरी जी महाराज, श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन के महंत दुर्गादास जी महाराज और श्री निर्मल अखाड़ा के महंत देवेंद्र शास्त्री जी महाराज ने स्वगणना कराई। वहीं, श्री मठ बाघम्बरी गद्दी के महंत बलबीर गिरि जी महाराज की भी स्वगणना की प्रक्रिया पूरी कराई गई। सभी संतों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को इस महत्वपूर्ण अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी संजय ममगई ने बताया कि स्वगणना अभियान का उद्देश्य नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से गणना की प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाना है। इसके तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को स्वगणना के लिए जागरूक किया जा रहा है। प्रमुख अखाड़ों के संतों और महंतों ने स्वयं स्वगणना कराकर आम नागरिकों को भी इसके लिए प्रेरित किया है।

उन्होंने बताया कि नगर निगम की ओर से अभियान को सफल बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नागरिक डिजिटल माध्यम अथवा निर्धारित प्रपत्र के जरिए अपनी स्वगणना पूरी कर सकते हैं। उन्होंने प्रयागराजवासियों से अपील की कि वे समय रहते अपनी स्वगणना अवश्य कराएं और इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…