प्रयोगशाला में सुरक्षित कार्यप्रणाली अपनाना हर शोधार्थी की जिम्मेदारी : प्रो. आशीष खरे

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में दो दिवसीय जैव-सुरक्षा कार्यशाला का आयोजन, 40 शोधार्थियों और चार शिक्षकों ने लिया हिस्सा
प्रयागराज, 27 नवंबर (हि.स.)। प्रयोगशाला में सुरक्षित कार्यप्रणाली अपनाना व्यक्तिगत और संस्थागत सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। शोधार्थियों और शिक्षकों को अपने अनुसंधान कार्यों में जैव-सुरक्षा से जुड़े नियमों और प्रक्रियाओं का अनिवार्य रूप से पालन करना चाहिए। यह बातें शुक्रवार को इलाहाबाद विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. आशीष खरे ने कहीं। वह विश्वविद्यालय की संस्थागत जैव-सुरक्षा समिति की ओर से 25 और 26 नवंबर को आईपीएस सभागार में आयोजित दो दिवसीय जैव-सुरक्षा कार्यशाला के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि अनुसंधान की संस्कृति में सुरक्षा को अभिन्न हिस्सा बनाना होगा। कार्यशाला में प्राप्त जानकारी और व्यावहारिक अनुभवों का उपयोग शोधार्थी अपनी-अपनी प्रयोगशालाओं में करें। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित करते हुए जैव-सुरक्षा के प्रति जागरूकता और प्रतिबद्धता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यशाला का उद्देश्य शोधार्थियों और शिक्षकों को प्रयोगशाला की सुरक्षा, अनुसंधान नैतिकता तथा जैव-सुरक्षा से जुड़े नियमों की जानकारी देना था। कार्यशाला के लिए विज्ञान संकाय के विभिन्न विभागों से 65 पीएचडी शोधार्थियों और चार शिक्षकों ने पंजीकरण कराया था। सीमित स्थान और व्यवस्थागत कारणों से 40 शोधार्थियों और चारों शिक्षकों को प्रतिभाग के लिए चुना गया।
दीप प्रज्वलित कर हुआ शुभारंभ
उद्घाटन सत्र का शुभारंभ विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता एवं आईपीएस के निदेशक प्रो. एसआई रिजवी और इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरडिसिप्लिनरी स्टडीज के निदेशक प्रो. नीति कांत ने दीप प्रज्वलित कर किया। शोध एवं विकास के अधिष्ठाता तथा संस्थागत जैव-सुरक्षा समिति के अध्यक्ष प्रो. मनीष श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए जैव-सुरक्षा के नियमों का पालन जरूरी है।
मुख्य अतिथि प्रो. एसआई रिजवी ने अनुसंधान में नैतिकता और जैव-सुरक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने अपने व्यावसायिक अनुभव की एक घटना साझा करते हुए प्रयोगशालाओं में सावधानी और जिम्मेदारी के साथ काम करने की आवश्यकता बताई। साथ ही पशु नैतिकता पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया। प्रो. नीति कांत ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और प्रयोगशाला की रोजमर्रा की गतिविधियों में सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
विशेषज्ञों ने दी जैव-सुरक्षा की जानकारी
कार्यशाला में देश के प्रतिष्ठित शोध एवं शैक्षणिक संस्थानों के विशेषज्ञों ने ऑनलाइन और प्रत्यक्ष माध्यम से व्याख्यान दिए। इनमें एनआईपीईआर अहमदाबाद के डॉ. अमित कुमार पांडेय, एसजीपीजीआई लखनऊ के डॉ. कुलवंत सिंह, जालमा आगरा के डॉ. अमित कुमार सिंह, नोवमजेन प्राइवेट लिमिटेड के डॉ. बिजय कुमार तथा इलाहाबाद विश्वविद्यालय के डॉ. दिनेश कुमार यादव, डॉ. संदीप श्रीवास्तव और डॉ. राजेश कुमार शामिल रहे।
तकनीकी सत्रों में प्रयोगशालाओं में सुरक्षा की आदत विकसित करने, आनुवंशिक रूप से बदले गए जीवों (जीएमओ), जैव-जोखिम की पहचान और आकलन, जैविक एवं प्रयोगशाला अपशिष्ट के निस्तारण, जीएमओ के आयात से जुड़ी प्रक्रियाओं और पशु प्रयोगशालाओं में सुरक्षा जैसे विषयों पर जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने जैव-सुरक्षा से जुड़े नियमों और उनके व्यावहारिक उपयोग के बारे में भी विस्तार से बताया।
आयोजन में इनकी रही भूमिका
कार्यशाला का संचालन संस्थागत जैव-सुरक्षा समिति के अध्यक्ष प्रो. मनीष श्रीवास्तव के नेतृत्व में किया गया। सदस्य सचिव डॉ. अवध बिहारी यादव ने कार्यशाला की रूपरेखा प्रस्तुत की। समन्वय में डॉ. राजेश कुमारी तथा पीएचडी शोधार्थियों सपना श्रीवास्तव, काजल मिश्रा और रीमा सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समापन सत्र में डॉ. अवध बिहारी यादव ने आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल