Live VNS

बूथ स्तर पर घर-घर संपर्क कर नए मतदाताओं को जोड़ें कार्यकर्ता : राकेश त्रिवेदी

बूथ स्तर पर घर-घर संपर्क कर नए मतदाताओं को जोड़ें कार्यकर्ता : राकेश त्रिवेदी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

एसआईआर अभियान में न बरतें ढिलाई, प्रत्येक बूथ पर 100 नए और छूटे मतदाताओं को जोड़ने का लक्ष्य

प्रयागराज, 17 नवंबर (हि.स.)। एसआईआर अभियान को पूरी गंभीरता से लेते हुए भाजपा कार्यकर्ता बूथ स्तर पर घर-घर जाकर संपर्क करें और नए व छूटे हुए मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल कराएं। किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में छूटने न पाए। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर इस अभियान में पूरी सक्रियता से जुटना होगा। यह बातें प्रयागराज महानगर के जिला प्रभारी राकेश त्रिवेदी ने मंगलवार को सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मतदाता सूची से जुड़े विषयों पर आयोजित संगठनात्मक बैठक में कहीं।

उन्होंने कहा कि यह अभियान चुनाव के बिल्कुल नजदीक चलाया जा रहा है, इसलिए कार्यकर्ताओं को किसी तरह की ढिलाई नहीं बरतनी है। विधानसभा, मंडल और बूथ स्तर पर टीमें बनाकर अभियान को गति देनी होगी। छात्र, युवा, महिलाओं और समाज के हर वर्ग के बीच पहुंचकर नए और छूटे हुए मतदाताओं को जोड़ना है। केवल खानापूर्ति के लिए काम करने के बजाय पूरी जिम्मेदारी के साथ अभियान में जुटना होगा।

राकेश त्रिवेदी ने कहा कि कार्यकर्ता फार्म-6 और फार्म-8 का वितरण करें। साथ ही लोगों को ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन भरने की प्रक्रिया की जानकारी भी दें। प्रत्येक बूथ पर 100 नए या छूटे हुए मतदाताओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 22, 23 और 24 नवंबर को विशेष रूप से मतदाता जोड़ो अभियान चलाकर सक्रियता से काम करना होगा।

उन्होंने महिला मतदाताओं को जोड़ने के लिए महिला मोर्चा की पूरी टीम से विशेष रूप से सक्रिय रहने का आह्वान किया। कहा कि लोकतंत्र में आधी आबादी की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए पात्र महिलाओं का नाम भी मतदाता सूची में शामिल कराना सुनिश्चित किया जाए।

तीनों विधानसभा प्रभारियों का स्वागत

बैठक में प्रयागराज महानगर के नवनियुक्त तीनों विधानसभा प्रभारियों का स्वागत किया गया। महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने शहर उत्तरी के प्रभारी प्रभात श्रीवास्तव, शहर पश्चिमी के प्रभारी अश्वनी कुमार द्विवेदी और शहर दक्षिणी के प्रभारी चन्द्रदत्त शुक्ला को अंगवस्त्र पहनाकर और माला पहनाकर अभिनंदन किया।

बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष कुंज बिहारी मिश्रा ने किया। इस अवसर पर डॉ. शैलेश पांडेय, रमेश पासी, विक्रमजीत भदौरिया, आनंद सोनकर, राजू राय, नीरज त्रिपाठी, अनिल केशरवानी, प्रमोद मोदी, आनंद श्रीवास्तव, विजय श्रीवास्तव, सचिन जायसवाल, कंचनलता कुशवाहा, दीप द्विवेदी, राजेश गोंड, नवाब खान, मो. शरीफ, चंद्रा अहलुवालिया, विवेक मिश्रा, पवन श्रीवास्तव, प्रियंका पराशर, संदीप यादव, सुजीत कुशवाहा और मोहित गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…