ग्यारह हजार दीपों से जगमगाया बरगदघाट, मां यमुना की हुई भव्य महाआरती

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
देव दीपावली पर महिलाओं ने परिवार सहित किया दीपदान, भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ वातावरण
प्रयागराज, 24 नवंबर (हि.स.)। देव दीपावली पर देवताओं के स्वागत में मीरापुर स्थित बरगदघाट को 11 हजार दीपों से सजाया गया। मां यमुना मैया की भव्य महाआरती के बाद महिलाओं ने सपरिवार दीपदान कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। रंगोली और दीपों से सजे घाट पर भजन-कीर्तन के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
मां यमुना मैया आरती समिति बरगदघाट की ओर से अध्यक्ष अभिषेक ठाकुर के संयोजन में देव दीपावली उत्सव मनाया गया। इस दौरान घाट को आकर्षक रंगोली और दीपों से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने मां यमुना का पूजन-अर्चन कर दीप जलाए और यमुना की जलधारा में दीपदान किया। महिलाओं ने परिवार सहित देवताओं के निमित्त दीप प्रज्ज्वलित कर सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
समिति के प्रवक्ता राजेश केसरवानी ने बताया कि देव दीपावली के अवसर पर बरगदघाट को 11 हजार दीपों से रोशन किया गया। मां यमुना की पूजा-अर्चना और महाआरती के साथ कार्तिक मेला महोत्सव का समापन भी किया गया।
इस अवसर पर अभिषेक ठाकुर, राजेश केसरवानी, गोपेश रमणी, दिलीप केसरवानी, अमिता शुक्ला, शोभा गुप्ता, राखी केशरी, अनीता सोनकर और रिंकी चौरसिया सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल