Live VNS

काशी-तमिल संगमम् में 1400 अतिथियों का भव्य स्वागत करेगा प्रयागराज : ऋषिराज

काशी-तमिल संगमम् में 1400 अतिथियों का भव्य स्वागत करेगा प्रयागराज : ऋषिराज

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

28 नवंबर से 12 दिसंबर तक सात समूहों में आएंगे अतिथि, संगम स्नान, नौका विहार और प्रमुख मंदिरों का करेंगे दर्शन

प्रयागराज, 23 नवंबर (हि.स.)। काशी-तमिल संगमम् कार्यक्रम के तहत 28 नवंबर से 12 दिसंबर के बीच सात समूहों में कुल 1400 अतिथि प्रयागराज आएंगे। प्रत्येक समूह में 200 लोग शामिल होंगे। सभी अतिथियों का भव्य स्वागत और बेहतर आतिथ्य सत्कार किया जाएगा। कार्यक्रम को सुव्यवस्थित, आकर्षक और यादगार बनाने के लिए सभी विभाग समय से अपनी तैयारियां पूरी कर लें। यह निर्देश प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं मेलाधिकारी ऋषिराज ने सोमवार को प्रयागराज मेला प्राधिकरण स्थित आईसीसीसी सभागार में आयोजित बैठक में दिए।

उन्होंने कहा कि प्रयागराज आने वाले सभी समूहों के भ्रमण और स्वागत की बेहतर व्यवस्था की जाए। अतिथि सबसे पहले संगम पहुंचेंगे, जहां स्नान और नौका विहार करेंगे। इसके बाद लेटे हुए हनुमान जी के दर्शन, श्री आदि शंकर विमान मंडपम मंदिर सहित शहर के अन्य प्रमुख मंदिरों और ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। मेलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी स्थानों पर सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने संगम क्षेत्र में कार्यक्रम के दौरान सुसज्जित नावों, मोबाइल शौचालय, पेयजल और पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा। अतिथियों की सुविधा के लिए संगम पर पर्याप्त संख्या में नावें उपलब्ध कराने के साथ तमिल भाषा के जानकार स्वयंसेवकों की तैनाती के निर्देश भी दिए।

मेलाधिकारी ने नगर निगम को संगम क्षेत्र में साफ-सफाई की जिम्मेदारी सौंपी। स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सकों की टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था करने को कहा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों के साथ महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जाएगी। इसके अलावा यातायात प्रबंधन, पार्किंग और सीमा सुरक्षा दल (बॉर्डर स्कॉर्ट) की व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के निर्देशन में आयोजित बैठक में मेलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने और निर्धारित समय में तैयारियां पूरी करने को कहा, ताकि कार्यक्रम बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर मंगलेश दुबे, नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी जीपी कुशवाहा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…