Live VNS

छठ और त्योहारों पर रेलवे ने बढ़ाई ट्रेनों की संख्या, प्रयागराज होकर चलेंगी दिल्ली-पटना और दरभंगा स्पेशल

छठ और त्योहारों पर रेलवे ने बढ़ाई ट्रेनों की संख्या, प्रयागराज होकर चलेंगी दिल्ली-पटना और दरभंगा स्पेशल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

शकूरबस्ती-मानसी अनारक्षित स्पेशल के दो फेरे बढ़े, नई दिल्ली से पटना और दरभंगा के लिए भी विशेष ट्रेनें चलेंगी

प्रयागराज, 13 नवंबर (हि.स.)। छठ पूजा और त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष ट्रेनों के संचालन और उनके फेरों में विस्तार करने का निर्णय लिया है। इसके तहत शकूरबस्ती-मानसी अनारक्षित फेस्टिवल स्पेशल के दो अतिरिक्त फेरे बढ़ाए गए हैं। वहीं नई दिल्ली से पटना और दरभंगा के लिए आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का एक-एक अतिरिक्त फेरा संचालित किया जाएगा। इन ट्रेनों के प्रयागराज जंक्शन पर ठहराव से यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। यह जानकारी शुक्रवार को उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने दी।

उन्होंने बताया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में गाड़ी संख्या 04406 शकूरबस्ती-मानसी अनारक्षित स्पेशल का अंतिम निर्धारित फेरा 14 नवंबर था, जिसे बढ़ाकर 15 और 16 नवंबर को भी संचालित किया जाएगा। इसी तरह वापसी में गाड़ी संख्या 04405 मानसी-शकूरबस्ती अनारक्षित स्पेशल 17 और 18 नवंबर को दो अतिरिक्त फेरे लगाएगी। दोनों ट्रेनें पूर्व निर्धारित मार्ग, समय और ठहराव के अनुसार चलेंगी।

इसके अलावा गाड़ी संख्या 04474 नई दिल्ली-दरभंगा अनारक्षित विशेष ट्रेन 13 नवंबर को नई दिल्ली से दोपहर 12:15 बजे रवाना होगी। यह गाजियाबाद, अलीगढ़, टूंडला, कानपुर सेंट्रल, ऐशबाग, बादशाहनगर, गोंडा, गोरखपुर, देवरिया सदर, सीवान, छपरा, सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, कर्पूरीग्राम और समस्तीपुर होते हुए दरभंगा पहुंचेगी। इस ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी के 14 और एसएलआर के दो कोच सहित कुल 16 कोच होंगे।

नई दिल्ली-पटना स्पेशल प्रयागराज में 6:35 बजे पहुंचेगी

गाड़ी संख्या 04068 नई दिल्ली-पटना आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल 13 नवंबर को रात सात बजे नई दिल्ली से रवाना होगी। यह अगले दिन सुबह 6:35 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंचेगी और 6:45 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा और दानापुर होते हुए दोपहर तीन बजे पटना पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 04067 पटना-नई दिल्ली स्पेशल 14 नवंबर को शाम छह बजे पटना से चलेगी। यह 15 नवंबर की रात 1:40 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंचेगी और 1:50 बजे रवाना होगी। इसके बाद गोविंदपुरी, टूंडला और गाजियाबाद होते हुए अगले दिन दोपहर दो बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। इस ट्रेन में वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के पांच, शयनयान के छह, सामान्य द्वितीय श्रेणी के पांच और एसएलआर के दो कोच सहित कुल 18 कोच होंगे।

नई दिल्ली-दरभंगा स्पेशल का भी प्रयागराज में ठहराव

गाड़ी संख्या 04080 नई दिल्ली-दरभंगा आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल 13 नवंबर को रात 10:30 बजे नई दिल्ली से रवाना होगी। यह 14 नवंबर को सुबह 11:30 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंचेगी और 11:40 बजे रवाना होगी। इसके बाद ज्ञानपुर रोड, वाराणसी, औड़िहार, गाजीपुर सिटी, बलिया, सुरेमनपुर, छपरा, सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और लहेरियासराय होते हुए 15 नवंबर की रात एक बजे दरभंगा पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 04079 दरभंगा-नई दिल्ली स्पेशल 15 नवंबर को सुबह चार बजे दरभंगा से रवाना होगी। यह शाम 5:50 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंचेगी और 6 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद होते हुए 16 नवंबर की सुबह 7:50 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। इस ट्रेन में शयनयान श्रेणी के आठ, सामान्य द्वितीय श्रेणी के 11, पेंट्री कार का एक (लॉक्ड) और एसएलआर के दो कोच सहित कुल 22 कोच होंगे।

जनसंपर्क अधिकारी नेे कहा कि छठ पूजा और त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे लगातार विशेष ट्रेनों का संचालन कर रहा है। कुछ ट्रेनों के फेरों में विस्तार भी किया गया है। नई दिल्ली से पटना और दरभंगा जाने वाली विशेष ट्रेनों का प्रयागराज जंक्शन पर ठहराव निर्धारित किया गया है। यात्रियों से अपील है कि यात्रा शुरू करने से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, एनटीईएस या हेल्पलाइन से ट्रेनों की अद्यतन स्थिति और समय-सारणी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…