Live VNS

स्मार्ट टेक्सटाइल से स्वास्थ्य और सुरक्षा को मिलेगा बढ़ावा : डॉ. गीतिका

स्मार्ट टेक्सटाइल से स्वास्थ्य और सुरक्षा को मिलेगा बढ़ावा : डॉ. गीतिका

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

इलाहाबाद विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दूसरे दिन 80 शोधपत्र प्रस्तुत, विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बांधा समां

प्रयागराज, 24 नवंबर (हि.स.)। स्मार्ट टेक्सटाइल तकनीक मानव स्वास्थ्य, सुरक्षा और जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। वहीं, वस्त्र उद्योग में नवीन तकनीकों और टिकाऊ उत्पादन पद्धतियों को अपनाना समय की आवश्यकता है। यह विचार मंगलवार को इलाहाबाद विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय के डीआर भट्टाचार्य सभागार में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में डॉ. गीतिका जायसवाल ने व्यक्त किए।

विश्वविद्यालय के पारिवारिक एवं सामुदायिक विज्ञान विभाग की ओर से आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 'सस्टेनेबल होराइजन्स : एन इंटरडिसिप्लिनरी अप्रोच टू ह्यूमन वेल-बीइंग' के दूसरे दिन स्वास्थ्य, सुरक्षा, टिकाऊ वस्त्र और मानव कल्याण से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों ने व्याख्यान दिए। सम्मेलन का आयोजन विभागाध्यक्ष प्रो. अंजलि माथुर के संयोजन में किया जा रहा है। प्रो. नीतू मिश्रा सह-संयोजक हैं।

सुबह 9:30 बजे शुरू हुए सत्र में डॉ. गीतिका जायसवाल ने 'स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए स्मार्ट टेक्सटाइल' विषय पर विशेष व्याख्यान दिया। उन्होंने बताया कि स्मार्ट टेक्सटाइल तकनीक के माध्यम से मानव स्वास्थ्य, सुरक्षा और जीवन की गुणवत्ता में सुधार किया जा सकता है। इसके बाद प्रो. अनीता रानी ने 'टिकाऊ वस्त्रों में नवीनतम प्रगति' विषय पर व्याख्यान देते हुए वस्त्र उद्योग में नवाचार और पर्यावरण अनुकूल तरीकों के महत्व पर प्रकाश डाला।

चाय अवकाश के बाद प्रो. सरिता आनंद ने 'पोषण में लैंगिक असमानता को दूर करना : मानव कल्याण को बढ़ावा देने का एक आशाजनक समाधान' विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने बेहतर स्वास्थ्य, समानता और समग्र मानव कल्याण के लिए पोषण संबंधी असमानताओं को दूर करने की आवश्यकता बताई।

दोपहर 12 से 1:45 बजे तक पारिवारिक एवं सामुदायिक विज्ञान विभाग में शोधपत्र प्रस्तुतिकरण के पहले चरण का आयोजन हुआ। इसमें तीन समानांतर सत्रों में 40 शोधपत्र प्रस्तुत किए गए। पोस्टर प्रस्तुतिकरण के माध्यम से शोधार्थियों ने अपने शोध कार्यों और निष्कर्षों को साझा किया। भोजनावकाश के बाद दोपहर 2:30 से शाम 4:30 बजे तक दूसरे चरण में तीन समानांतर सत्रों के दौरान 40 अन्य शोधपत्र प्रस्तुत किए गए। इस दौरान पोस्टर प्रस्तुतियों का मूल्यांकन भी किया गया।

दिन के अंतिम चरण में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। डॉ. मोनिशा सिंह के मार्गदर्शन में पारिवारिक एवं सामुदायिक विज्ञान विभाग तथा डॉ. विशाल जैन के मार्गदर्शन में संगीत विभाग के विद्यार्थियों ने प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों ने अपनी कला, रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

सम्मेलन में डॉ. फरीदा अहमद, डॉ. रितु सुरेखा, डॉ. एना गुप्ता, डॉ. प्रियंका केसरवानी, डॉ. प्रिया केशरी, डॉ. मोनिशा सिंह और डॉ. नीमा पपनई सहित आयोजन समिति के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। इसमें देश-विदेश के शिक्षाविदों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

तीन दिवसीय सम्मेलन का समापन 25 नवंबर को विशेष व्याख्यान और समापन समारोह के साथ होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…