Live VNS

योग निद्रा से जागेंगे श्रीहरि नारायण, शुभ मुहूर्त में होगा तुलसी-शालिग्राम विवाह

योग निद्रा से जागेंगे श्रीहरि नारायण, शुभ मुहूर्त में होगा तुलसी-शालिग्राम विवाह

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

मंडप पूजन के साथ संपन्न हुआ विवाह पूर्व सिलमायन संस्कार, शुक्रवार को धूमधाम से निकलेगी बारात

प्रयागराज, 19 नवंबर (हि.स.)। भगवान श्रीहरि नारायण के योग निद्रा से जागने के बाद शुक्रवार को शुभ मुहूर्त में माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह वैदिक रीति-रिवाज से संपन्न होगा। इस अवसर पर धूमधाम से विवाह बारात निकाली जाएगी। तुलसी विवाह महोत्सव समिति की ओर से गुरुवार को तारा राम पीली संगत, मालवीय नगर आश्रम में संस्थापक आचार्य संतोषानंद महाराज के आचार्यत्व में विवाह पूर्व सिलमायन संस्कार का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष कृष्ण भगवान केसरवानी ने मंडप पूजन किया। महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाज से हल्दी और मेहंदी की रस्म निभाई। माता तुलसी को चुनरी, चूड़ी, बिंदी, सिंदूर, मेहंदी और विवाह का जोड़ा अर्पित किया गया। वहीं भगवान शालिग्राम के लिए नए वस्त्र, माला और मुकुट सहित अन्य पूजन सामग्री चढ़ाई गई। महिलाओं ने मांगलिक सोहर गीत गाकर विवाह की खुशियां मनाईं और माता तुलसी को हल्दी-मेहंदी लगाई।

मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि शुक्रवार 20 नवंबर को विष्णु महायज्ञ की पूर्णाहुति और हवन के बाद दोपहर 12 बजे भगवान शालिग्राम और माता तुलसी की विवाह बारात धूमधाम से निकाली जाएगी। शोभायात्रा में श्रीहरि नारायण की दस फीट ऊंची दिव्य प्रतिमा आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके साथ भगवान शालिग्राम और माता तुलसी की झांकी, ध्वज-पताका, शहनाई, ढोल-नगाड़े, घंट-घड़ियाल, डीजे बैंड और पाइप बैंड शामिल होंगे।

बारात तारा राम पीली संगत मालवीय नगर आश्रम से निकलकर भारती भवन, कोतवाली, ऊंचा मंडी, लोकनाथ, बहादुरगंज, रामभवन, मुट्ठीगंज, हटिया पुलिस बूथ चौराहा और बासमंडी होते हुए पुनः आश्रम पहुंचेगी। यहां द्वारपूजा, वरमाला और पाणिग्रहण संस्कार सहित विवाह की सभी रस्में विधि-विधान से संपन्न होंगी।

उन्होंने बताया कि शनिवार 21 नवंबर को दोपहर 12 बजे खिचड़ी विदाई की रस्म होगी। इसके बाद प्रीतिभोज और प्रसाद वितरण के साथ महोत्सव का समापन होगा।

सिलमायन संस्कार में राजीव कृष्ण बंटी, राजेश केसरवानी, नीरज जड़ियां, कैलाश चंद्र केसरवानी, विजय गुप्ता, दाऊ दयाल गुप्ता, रानी केसरवानी, सारिका यादव, प्रीति रावत, निशा अग्रहरि, गीता गुप्ता और कलावती सहित अन्य श्रद्धालु एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…