Live VNS

एक साथ गूंजेगी पांच हजार विद्यार्थियों की आवाज, पढ़ेंगे संविधान की प्रस्तावना

एक साथ गूंजेगी पांच हजार विद्यार्थियों की आवाज, पढ़ेंगे संविधान की प्रस्तावना

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

- ‘एक स्वर, एक संविधान’ कार्यक्रम में दिखेगी अनूठी तस्वीर, 26 नवंबर को डॉ. सरला सर्राफ पब्लिक स्कूल में जुटेंगे छात्र-छात्राएं

मीरजापुर, 25 नवंबर (हि.स.)। एक मंच, पांच हजार से अधिक विद्यार्थी और सबकी जुबां पर संविधान की प्रस्तावना। संविधान दिवस पर 26 नवंबर को मीरजापुर में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिलेगा। जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एक साथ एक स्वर में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करेंगे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से ‘संविधान संवाद अभियान’ के तहत ‘एक स्वर, एक संविधान’ कार्यक्रम का आयोजन सुबह नौ बजे डॉ. सरला सर्राफ पब्लिक स्कूल में होगा।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आनंद कुमार द्वितीय ने बताया कि कार्यक्रम में पांच हजार से अधिक विद्यार्थियों के शामिल होने की संभावना है। इसका उद्देश्य बच्चों को संविधान के मूल्यों से जोड़ना और उन्हें अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक करना है। सामूहिक वाचन के जरिए न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता का संदेश दिया जाएगा।

कार्यक्रम को यादगार और सुव्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और नोडल शिक्षकों से समन्वय किया जा रहा है। विद्यार्थियों के समूह बनाने, कतारबद्ध व्यवस्था और अनुशासन सहित सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अनुपम कुमार के मार्गदर्शन में होने वाला यह आयोजन युवा पीढ़ी को संविधान की भावना से जोड़ने की पहल है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया जाएगा कि संविधान सिर्फ कानून की किताब नहीं, बल्कि लोकतंत्र की नींव और हर नागरिक के अधिकारों व कर्तव्यों का मार्गदर्शक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…