Live VNS

कर्नाटक में राष्ट्रीय एकीकरण शिविर में यूपी का प्रतिनिधित्व करेंगे पीयू के 10 स्वयंसेवक

कर्नाटक में राष्ट्रीय एकीकरण शिविर में यूपी का प्रतिनिधित्व करेंगे पीयू के 10 स्वयंसेवक

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

कुलपति ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, 21 से 27 नवंबर तक हासन में आयोजित होगा शिविर

जौनपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में स्थित बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के 10 स्वयंसेवक कर्नाटक में आयोजित राष्ट्रीय एकीकरण शिविर में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। मंगलवार को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आरके सिंह ने स्वयंसेवकों से संवाद कर उन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह शिविर 21 से 27 नवंबर तक कर्नाटक के हासन स्थित एसडीएम आयुर्वेद कॉलेज एवं अस्पताल में आयोजित होगा। इसमें देश के 10 राज्यों के स्वयंसेवक प्रतिभाग करेंगे।

रवाना होने से पहले कुलपति ने स्वयंसेवकों से शिविर में उत्तर प्रदेश की संस्कृति और परंपराओं को प्रस्तुत करने की तैयारियों के बारे में जानकारी ली। स्वयंसेवकों ने बताया कि वे लोकगीत, लोकनृत्य, सांस्कृतिक परंपराओं और विभिन्न कलात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करेंगे। साथ ही अन्य राज्यों से आए प्रतिभागियों के साथ संवाद कर उनकी संस्कृति, कला और परंपराओं को जानने का अवसर भी मिलेगा।

कुलपति प्रो. सिंह ने स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे पूरे उत्साह, अनुशासन और समर्पण के साथ शिविर में प्रतिभाग करें तथा अपनी प्रतिभा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विश्वविद्यालय एवं प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने शिविर से प्राप्त अनुभवों को विश्वविद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के साथ साझा करने का भी आह्वान किया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. शशिकांत यादव, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुषमा मिश्रा (मड़ियाहूं पीजी कॉलेज) सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…