Live VNS

बेंती राजभवन में आयोजित बागेश्वर धाम सरकार की श्रीराम कथा में आमंत्रित किए गए वाराणसी और प्रयागराज के रामभक्त

बेंती राजभवन में आयोजित बागेश्वर धाम सरकार की श्रीराम कथा में आमंत्रित किए गए वाराणसी और प्रयागराज के रामभक्त

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

वाराणसी, 12 नवम्बर (हि. स.)। प्रतापगढ़ के कुंडा में बेंती राजभवन के योगीराज देवरहा बाबा कथा मंडप में आयोजित बागेश्वर धाम सरकार पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्री राम कथा को लेकर वाराणसी और प्रयागराज के रामभक्तों को आमंत्रित किया गया है। रामभक्तों को आमंत्रित किए जाने पर उनका उत्साह और हर्ष अभी से सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दिखाई देने लगा है।

वाराणसी में सुसुवाही क्षेत्र निवासी संजय सिंह ने कहा कि बागेश्वर धाम सरकार के श्री राम कथा का आमंत्रण मिला है। आगामी 17 नवंबर से 20 नवंबर तक अपराह्न दो बजे से श्रीराम कथा होनी है। श्री राम कथा के पहले दिन वह प्रतापगढ़ जाएंगे। इस कथा के श्रोताओं के बीच बैठकर श्री राम कथा सुनेंगे। धीरेंद्र शास्त्री जी महाराज के श्रीमुख से श्री राम कथा का आनंद उठाएंगे। यह आनंदित करने वाला अवसर है।

प्रयागराज में युवा अधिवक्ता और रामभक्त यशपाल सिंह ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम की कथा सुनने का अवसर जब भी मिलता है, वह कथा स्थल जाते हैं। यह बड़े गौरव की बात है कि बेंती राजभवन में श्री राम कथा का आयोजन हो रहा है। वह आमंत्रित भी है, और अपने युवा साथियों के साथ कथा सुनने के लिए पहुंचेंगे। बाबा बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के मुख से कथा सुनने का सुंदर अवसर मिला है। इससे युवा अधिवक्ताओं में भरपूर उत्साह है।

जनसत्ता दल के राष्ट्रीय प्रवक्ता और प्रदेश प्रधान महासचिव डॉक्टर बृजेश सिंह राजावत ने कहा कि कुंवर रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया जनसत्ता दल के संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष, हम सभी के नेता हैं। राजा भैया ही कुंडा में होने जा रहे चार दिवसीय श्री राम कथा के मुख्य यजमान है। राजा भैया के निवेदन पर आ रहे बागेश्वर धाम सरकार पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 17 नवंबर से 20 नवंबर तक बेंती राजभवन के योगीराज देवरहा बाबा कथा मंडप में श्री राम कथा कहेंगे। जिसके लिए सभी राम भक्तों को आमंत्रित किया जा रहा है। श्री राम कथा के आयोजन में सभी का स्वागत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…