68,500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण की विसंगति काे लेकर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मिले अभ्यर्थी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
— विधानसभा अध्यक्ष ने कहा- मामला संज्ञान में है यह नीतिगत मामला है
— मुख्यमंत्री से पत्राचार और वार्ता कर समाधान कराने का मिला आश्वासन
लखनऊ, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 की आरक्षण विसंगति के मामले में न्याय की मांग को लेकर लखनऊ के इको गार्डन में पिछले 87 दिनों से अनवरत धरना-प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार दोपहर को उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के साथ राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग तथा विधान परिषद की सामाजिक एवं संसदीय सद्भाव समिति की रिपोर्ट भी सौंपी। इसके अलावा आंदोलन के दौरान प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्रियों और उपमुख्यमंत्री से हुई मुलाकातों तथा उनके द्वारा दिए गए आश्वासनों का पूरा विवरण भी विधानसभा अध्यक्ष को उपलब्ध कराया।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह ने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष ने ज्ञापन लेने के बाद कहा कि यह प्रकरण प्रदेश सरकार के संज्ञान में है। उन्होंने इसे नीतिगत मामला बताते हुए मुख्यमंत्री से पत्राचार और वार्ता कर प्रकरण को निस्तारण कराने की बात कही। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी के साथ अहित नहीं होने दिया जाएगा।
आंदोलन के सह-नेतृत्वकर्ता आशुतोष वर्मा ने कहा कि अभ्यर्थियों की मांग है कि संबंधित आयोगों और विधान परिषद की समिति की रिपोर्ट के अनुरूप आरक्षण विसंगति दूर की जाए। ओबीसी वर्ग को आरक्षित श्रेणी का लाभ देते हुए 150 में से 60 अंक यानी 40 प्रतिशत के आधार पर परिणाम संशोधित कर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए। साथ ही दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रित अभ्यर्थियों को भी नियमानुसार आरक्षित श्रेणी का लाभ मिले।
धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन अनवरत जारी रहेगा। उन्होंने प्रदेश सरकार के जनप्रतिनिधियों और बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों से शीघ्र न्यायपूर्ण निर्णय लेने की अपील की। मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल में तूफान सिंह, आशुतोष वर्मा, रणविजय सिंह सहित अन्य अभ्यर्थी शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक