Live VNS

बागपत में बहन के घर से लौट रहे भाई की सड़क हादसे में मौत

बागपत में बहन के घर से लौट रहे भाई की सड़क हादसे में मौत

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

बागपत, 11 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत में भैया दूज का त्योहार जिस घर में खुशियां लेकर आया था, उसी घर में शाम होते-होते मातम छा गया। बहन के घर से हंसते-खेलते लौट रहे परिवार का ई-रिक्शा गौरीपुर मोड़ पर पलट गया। इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। हादसे में भाई की मौत हो गई।

घटना बुधवार दोपहर की है। प्रवेश (42) अपनी पत्नी दीपा (35), बेटी छवि (13) और बेटे वंश (11) के साथ हरियाणा के कुंडली से लौट रहे थे। भैया दूज पर बहन के घर गए थे। परिवार जैसे ही बागपत के गौरीपुर मोड़ के पास पहुंचा अचानक ई-रिक्शा पलट गया। प्रवेश की मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी दीपा और दोनों मासूम बच्चे घायल हो गए। मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र के गांव बड़ौदा के रहने वाले प्रवेश फिलहाल बागपत के गांव सिसाना में परिवार के साथ रहते थे। उनकी मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। कोतवाली प्रभारी मनोज चाहल ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…