सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत, महिला घायल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
अमेठी, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद के भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र अंतर्गत कंजास गांव के पास मंगलवार दोपहर काे तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक सवार ने सड़क पार कर रही महिला को टक्कर मार दिया। हादसे बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल है। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच तथा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही में जुटी हुई है।
मोहनगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रस्तामऊ के रहने वाले मोहम्मद हसीर अहमद बाइक से कहीं जा रहे थे। जैसे ही वह भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र अंतर्गत कंजास गांव के पास पहुंचे थे, तभी सड़क पार कर रही महिला को देखकर अनियंत्रित हो गए और सीधे उसे टक्कर मार दिया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और राहगीरों की सूचना पर तत्काल पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों गंभीर घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुसाफिरखाना ले जाया गया।
भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना प्रभारी अजयेंद्र पटेल ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। घटनास्थल पर दोनों की सांसे चल रही थी। दोनों को इलाज के लिए नजदीक के अस्पताल भिजवाया गया, जहां बाइक सवार मोहम्मद हसीर अहमद (37) की इलाज के दौरान मौत हो गई है। गंभीर रूप से घायल महिला का इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचित करते हुए आवश्यक कार्रवाई में जुट गई।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी