Live VNS

वाराणसी : रिंग रोड फेज-2 के खेवसीपुर अंडरपास पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की मौत

वाराणसी : रिंग रोड फेज-2 के खेवसीपुर अंडरपास पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की मौत

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

वाराणसी, 23 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में लोहता थाना क्षेत्र के खेवसीपुर गांव के समीप रिंग रोड फेज-2 के अंडरपास पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार कार चालक की तलाश में जुटी है।

मृतक की पहचान खेवसीपुर गांव निवासी 23 वर्षीय चंदन पटेल पुत्र चंद्रशेखर पटेल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, चंदन सोमवार सुबह बाइक से किसी काम के सिलसिले में घर से निकला था। वह जैसे ही रिंग रोड फेज-2 स्थित खेवसीपुर अंडरपास के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चंदन ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के पिता चंद्रशेखर पटेल और परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंच गए। जवान बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मां गीता देवी और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। लोहता पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के बाद फरार हुए कार चालक और वाहन की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…