Live VNS

हजारों दीपों से जगमगाया मां विंध्यवासिनी का दरबार, दर्शन को उमड़े श्रद्धालु

हजारों दीपों से जगमगाया मां विंध्यवासिनी का दरबार, दर्शन को उमड़े श्रद्धालु

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

- देवउठनी एकादशी पर भव्य दीपदान से निखरी मंदिर परिसर की छटा, देर रात तक चला दर्शन-पूजन

मीरजापुर, 20 नवंबर (हि.स.)। देवउठनी एकादशी पर शुक्रवार को मां विंध्यवासिनी के दरबार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह मंगला आरती के बाद मंदिर का कपाट खुलते ही दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर रात तक चलता रहा। हजारों दीपों की रोशनी से सजा मंदिर परिसर श्रद्धा और भक्ति के साथ अलौकिक छटा बिखेरता रहा।

एकादशी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में मत्था टेका और सुख-समृद्धि की कामना की। दोपहर में राजश्री आरती, शाम को संध्या आरती और रात में बड़ी आरती के बाद भी भक्तों का दर्शन-पूजन जारी रहा। रात 12 बजे तक श्रद्धालु मां के दर्शन करते रहे।

पर्व के अवसर पर मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया था। मंदिर और कॉरिडोर को लाल-पीले पर्दों से सजाने के साथ रंग-बिरंगी झालरों से रोशन किया गया। सजावट से पूरा परिसर आकर्षण का केंद्र बना रहा।

विंध्य पंडा समाज की ओर से मंदिर परिसर, कॉरिडोर, परिक्रमा क्षेत्र और एक से पांच नंबर तक के प्रवेश द्वारों पर हजारों तेल के दीपक जलाए गए। दीपों की कतारों से मां का दरबार जगमगा उठा। विंध्य पंडा समाज के सदस्यों ने सामूहिक सहयोग से दीपदान की व्यवस्था को भव्य स्वरूप दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…