विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत 17 से 20 नवम्बर तक सभी मतदेय स्थलों पर होगी टेबल टॉप एक्सरसाइज

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
-बीएलओ निर्वाचक नामावली का सूक्ष्म परीक्षण कर मतदाताओं के नाम, आयु, जेण्डर, फोटो एवं पते से संबंधित त्रुटियों को कराएंगे दुरुस्त
-त्रुटियों के संशोधन के लिए संबंधित मतदाताओं से भरवाया जाएगा फॉर्म-8
लखनऊ, 14 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत प्रदेश की निर्वाचक नामावलियों को त्रुटिरहित, शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर दिनांक 17 नवम्बर से 20 नवम्बर, 2026 तक बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने शनिवार काे बताया कि इस अभियान के दौरान प्रत्येक बीएलओ अपने आवंटित मतदेय स्थल की निर्वाचक नामावली का सूक्ष्म एवं गहन परीक्षण करेंगे। परीक्षण के दौरान मतदाताओं के नाम, आयु, जेण्डर, फोटो, पते अथवा अन्य विवरणों में किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर संबंधित मतदाता से फॉर्म-8 भरवाकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संशोधन की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया का पर्यवेक्षण बीएलओ सुपरवाइजर एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवम्बर से 16 दिसम्बर, 2026 तक निर्धारित है। इस अवधि में प्राप्त होने वाले फॉर्मों का प्रतिदिन डिजिटाइजेशन कराया जाएगा तथा उनका नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे पात्र मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित किए जा सकें और मौजूदा प्रविष्टियों में आवश्यक संशोधन भी समय से हो सके।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के समस्त जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि टेबल टॉप एक्सरसाइज के संबंध में सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए निर्धारित अवधि में कार्यवाही पूर्ण कराई जाए। अभियान की नियमित समीक्षा एवं प्रभावी अनुश्रवण भी सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि निर्वाचक नामावली की शुद्धता एवं पारदर्शिता निर्वाचन प्रक्रिया की महत्वपूर्ण आधारशिला है। अतः इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता न बरती जाए तथा सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से निर्धारित समयसीमा में कार्यवाही पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह