Live VNS

रोटावेटर की चपेट में आकर छात्र की मौत

रोटावेटर की चपेट में आकर छात्र की मौत

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

मीरजापुर, 24 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में लालगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम खेत की जुताई के दौरान रोटावेटर की चपेट में आने से 13 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। इकलौते बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बेहाल है।

बरगड़ा गांव निवासी अमरेश का पुत्र आदर्श मंगलवार शाम करीब चार बजे खेत में ट्रैक्टर से हो रही जुताई देखने गया था। ट्रैक्टर परिवार का ही एक युवक चला रहा था। इसी दौरान आदर्श अचानक रोटावेटर की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक छात्र आदर्श चौधरी राम हरख सिंह इंटर कॉलेज में कक्षा आठ का छात्र था और माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक छोटी बहन है। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

सूचना पर थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद पंचनामा सहित आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…