कार्तिक पूर्णिमा पर विंध्यधाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
मीरजापुर, 24 नवंबर (हि.स.)। कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को मां विंध्यवासिनी के दरबार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। देश के कोने-कोने से पहुंचे करीब चार लाख श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश नवाकर सुख-समृद्धि की कामना की। भोर में मंगला आरती और श्रृंगार पूजन के बाद शुरू हुआ दर्शन-पूजन का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। मां के दिव्य स्वरूप का दर्शन कर भक्त निहाल हो उठे।
कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान का विशेष महत्व होने के कारण विंध्याचल के विभिन्न घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। गंगा स्नान के बाद भक्त मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए मंदिर की ओर बढ़े। लंबी कतारों में घंटों इंतजार के बाद दर्शन मिलने पर श्रद्धालुओं के चेहरे खिल उठे। घंटा-घड़ियाल, शंख और नगाड़ों की धुन के बीच मां के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंजता रहा।
मंदिर में गुड़हल, कमल और गुलाब के फूलों से मां का भव्य श्रृंगार किया गया था। देवी के इस मनोहारी स्वरूप का दर्शन पाकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। मंदिर की छत पर आसन लगाकर बैठे साधक भी पूर्णिमा पर मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अनुष्ठान में लीन रहे। त्रिकोण परिक्रमा पथ पर स्थित मां महाकाली और अष्टभुजा देवी के दरबार में भी सुबह से देर शाम तक दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा।
महाकाली और अष्टभुजा धाम में श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन के बाद मंदिर परिसर में रक्षा बांधकर मन्नतें मांगी। पहाड़ पर बंदरों को चना-गुड़ खिलाकर पुण्य अर्जित किया। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने विंध्याचल की गलियों में खरीदारी भी की। कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली पर उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने विंध्यधाम क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने, श्रद्धालुओं से विनम्र व्यवहार करने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से सुगम दर्शन और सुरक्षा के लिए प्रमुख मार्गों व स्थलों पर पुलिस बल तैनात रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा