Live VNS

विश्व हिंदू महासंघ का दो दिवसीय प्रांतीय सम्मेलन 28 नवंबर से वाराणसी में, बाबा कालभैरव के दर्शन-पूजन से होगा शुभारंभ

विश्व हिंदू महासंघ का दो दिवसीय प्रांतीय सम्मेलन 28 नवंबर से वाराणसी में, बाबा कालभैरव के दर्शन-पूजन से होगा शुभारंभ

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

—विशाल श्रीराम जनजागृति यात्रा में शामिल होंगे रथ, आकर्षक झांकियां और 150 से अधिक चार पहिया वाहन, सामने घाट पर होगी गंगा आरती

वाराणसी, 22 नवंबर (हि.स.)। विश्व हिंदू महासंघ, उत्तर प्रदेश का दो दिवसीय प्रांतीय सम्मेलन 28 नवंबर से धर्मनगरी काशी में आयोजित होगा। सम्मेलन का शुभारंभ 28 नवंबर को सुबह 8 बजे बाबा कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन के साथ होगा। इसके बाद सुबह 9 बजे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया जाएगा।

यह जानकारी रविवार को महासंघ के क्षेत्रीय प्रभारी (काशी एवं मिर्जापुर मंडल) चन्द्र सिंह डे (दादा) सनातनी तथा क्षेत्रीय अध्यक्ष विपिन चन्द्र पांडेय ने दी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन के पहले दिन विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के साथ भव्य श्रीराम जनजागृति यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने बताया कि 28 नवंबर को अपराह्न 4 बजे परमहंस आश्रम के सामने घाट से दीप सिंह द्वार तक विशाल श्रीराम जनजागृति यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में सुसज्जित रथों, आकर्षक झांकियों और 150 से अधिक चार पहिया वाहनों का काफिला शामिल रहेगा। यात्रा के माध्यम से जनजागरण का संदेश दिया जाएगा। वहीं, शाम 7 बजे सामने घाट पर मां गंगा की भव्य आरती का आयोजन होगा। सम्मेलन के दूसरे दिन 29 नवंबर को भी शाम 7 बजे सामने घाट पर मां गंगा की आरती आयोजित की जाएगी। इसके बाद 30 नवंबर को शाम 5 बजे दो दिवसीय प्रांतीय सम्मेलन का विधिवत समापन होगा।

महासंघ के पदाधिकारियों ने बताया कि सम्मेलन को सफल और भव्य बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम के संपूर्ण व्यवस्थापक एवं संचालक मिथुन चन्द्र डे ने काशीवासियों से सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की। उन्होंने बताया कि सम्मेलन की तैयारियों में राष्ट्रीय मंत्री रघुवीर सिंह, प्रदेश मंत्री डॉ. कृष्णानाथ पांडेय, महानगर महामंत्री धनेश चौहान, महानगर संगठन मंत्री कृष्ण कुमार जायसवाल तथा मां शक्ति मंडल के पदाधिकारी सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। सम्मेलन में बड़ी संख्या में संत-महात्माओं, महासंघ के पदाधिकारियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की सहभागिता रहेगी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…