वाराणसी के आयुष्मान पाठक ने जीती एआईटीए अंडर-14 टेनिस चैंपियनशिप, रचा इतिहास

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
—पटना में फाइनल मुकाबले में अयान रहमान को सीधे सेटों में हराया, वाराणसी से यह खिताब जीतने वाले बने पहले खिलाड़ी
वाराणसी, 27 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी के उभरते युवा टेनिस खिलाड़ी आयुष्मान पाठक ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए शहर का गौरव बढ़ाया है। बिहार की राजधानी पटना में आयोजित ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (एआईटीए) चैंपियनशिप सीरीज में आयुष्मान ने अंडर-14 बालक वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया। इस उपलब्धि के साथ ही वह वाराणसी से अंडर-14 चैंपियनशिप सीरीज का खिताब जीतने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
आयुष्मान के स्थानीय कोच बृज भूषण यादव ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 23 से 27 नवंबर 2026 तक पटना में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में आयुष्मान का सामना अयान रहमान से हुआ। खिताबी मुकाबले में आयुष्मान ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अयान को सीधे सेटों में 7-4, 6-1 से पराजित कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
पूरे टूर्नामेंट के दौरान आयुष्मान ने बेहतरीन तकनीक, सटीक शॉट्स और दमदार आत्मविश्वास का परिचय दिया। फाइनल में भी उन्होंने शुरू से ही प्रतिद्वंद्वी पर दबाव बनाए रखा और प्रभावशाली जीत दर्ज कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
अपनी इस महत्वपूर्ण सफलता का श्रेय आयुष्मान ने अपने पिता अभिषेक पाठक और माता माधवी पाठक को दिया है। वहीं, उनकी इस उपलब्धि में कोच बृज भूषण यादव के कुशल मार्गदर्शन और नियमित प्रशिक्षण की भी अहम भूमिका रही।
आयुष्मान की जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कोच बृज भूषण यादव ने कहा कि यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और टेनिस के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि आयुष्मान भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर वाराणसी का नाम रोशन करेंगे।
आयुष्मान की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से वाराणसी के खेल जगत में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों और स्थानीय खेल संगठनों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी यह सफलता शहर के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी