ग्राहकों को रसीद लेने से हतोत्साहित करना कर चोरी को बढ़ावा देना : प्रो. अखिल मिश्रा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
—बीएचयू में जीएसटी सुधारों पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ- ग्रामीण एवं शहरी आजीविका व रोजगार पर जीएसटी सुधारों के प्रभावों पर हुआ मंथन
वाराणसी, 27 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के पर्यटन एवं आतिथ्य अध्ययन केंद्र, कला संकाय की ओर से भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएसएसआर) के प्रायोजन में जीएसटी सुधारों पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। संगोष्ठी का मुख्य विषय ‘जीएसटी सुधार तथा ग्रामीण एवं शहरी आजीविका और रोजगार पर प्रभाव’ है। उद्घाटन सत्र में विशेषज्ञों ने जीएसटी सुधारों के विभिन्न आयामों के साथ ही अर्थव्यवस्था, रोजगार सृजन और आजीविका पर उनके प्रभावों को बताया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जीएसटी, इटावा रेंज के पूर्व संयुक्त आयुक्त ए.के. बनर्जी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में वाणिज्य संकाय के प्रो. अखिल मिश्रा, प्रबंध शास्त्र संस्थान (आईएम), बीएचयू के निदेशक प्रो. आशीष बाजपेयी तथा इनडायरेक्ट टैक्स एडवाइजरी एंड लिटिगेशन के निदेशक अधिवक्ता अश्विनी कुमार पाणि शामिल रहे। उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता कला संकाय प्रमुख प्रो. सुषमा घिल्डियाल ने की।
मुख्य अतिथि अशोक कुमार बनर्जी ने अपने 33 वर्षों के व्यावहारिक अनुभव साझा करते हुए भारतीय कर प्रणाली के विकास की यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने बिक्री कर (सेल्स टैक्स) से व्यापार कर (ट्रेड टैक्स), वैट और फिर जीएसटी तक हुए बदलावों की चर्चा करते हुए जीएसटी को देश की अप्रत्यक्ष कर प्रणाली में एक महत्वपूर्ण सुधार बताया।
अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. सुषमा घिल्डियाल ने संगोष्ठी के विषय को वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक बताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आजीविका तथा रोजगार के अवसरों पर जीएसटी सुधारों के प्रभावों का अध्ययन आर्थिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
प्रो. आशीष बाजपेयी ने कर भुगतान को नागरिकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि बुनियादी ढांचे के विकास और व्यवस्था के सुचारु संचालन के लिए कर संग्रह आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अक्सर कर चुकाने की पीड़ा उसके बदले मिलने वाले लाभों पर भारी पड़ जाती है। नागरिक कर से वित्तपोषित सुविधाओं का लाभ तो उठाते हैं, लेकिन राष्ट्रहित की अपेक्षा व्यक्तिगत हित को प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने उत्पादन और उपभोग के बीच पारस्परिक निर्भरता को भी रेखांकित किया। वहीं, प्रो. अखिल मिश्रा ने कर जागरूकता, आर्थिक गतिविधियों और रोजगार सृजन के संबंध में महत्वपूर्ण विचार रखे। उन्होंने कहा कि कर व्यवस्था का आधार अंततः ग्राहक ही होता है। ग्राहकों को खरीदारी के बाद रसीद लेने से हतोत्साहित करना प्रत्यक्ष रूप से कर चोरी को बढ़ावा देने जैसा है। उन्होंने जीएसटी के नाम और उसकी उद्योग एवं वाणिज्य से जुड़ी प्रकृति पर चर्चा करते हुए सवाल उठाया कि कर का भार उत्पादक के बजाय उपभोक्ता को क्यों वहन करना पड़ता है। उन्होंने सरकार से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में निजी क्षेत्र के माध्यम से रोजगार के अधिक अवसर सृजित करने की दिशा में प्रयास करने का आग्रह किया।
अधिवक्ता अश्विनी कुमार पाणि ने अप्रत्यक्ष कर प्रणाली और जीएसटी के कानूनी एवं व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विभिन्न वास्तविक उदाहरणों के माध्यम से ग्रामीण विकास, अर्थव्यवस्था, पेशेवरों और अन्य हितधारकों पर जीएसटी के प्रभावों को समझाया। साथ ही जीएसटी की हालिया दरों में हुए बदलावों के विभिन्न पहलुओं पर भी प्रकाश डाला।
आयोजकों के अनुसार, इस राष्ट्रीय संगोष्ठी में शिक्षाविदों, चार्टर्ड अकाउंटेंट, अधिवक्ताओं, शोधार्थियों और विद्यार्थियों की ओर से कुल 55 शोध पत्र प्राप्त हुए हैं, जबकि 200 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। संगोष्ठी के पहले दिन आयोजित तकनीकी सत्रों में जीएसटी और भारतीय अर्थव्यवस्था, एमएसएमई एवं अनौपचारिक क्षेत्र, ग्रामीण उद्यम एवं शिल्पकार, स्वयं सहायता समूह, शहरी व्यापार, पर्यटन एवं आतिथ्य, ई-कॉमर्स एवं गिग वर्क तथा रोजगार सृजन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जा रही है।
संगोष्ठी के दूसरे दिन, 28 नवंबर को ‘जीएसटी सुधारों को अधिक समावेशी बनाना’ विषय पर पैनल चर्चा आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम का संयोजन प्रो. रत्न शंकर मिश्र, सह-संयोजन डॉ. बिनायक कुमार दुबे तथा आयोजन सचिव का दायित्व डॉ. एल.बी. जायसवाल, डॉ. वैभव और डॉ. श्रुति सिंह निभा रहे हैं। वहीं, राजेश्वर तिवारी संयुक्त आयोजन सचिव हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी