इटली में भारतीय कला और डिजाइन की समृद्ध परंपरा प्रस्तुत करेगा बीएचयू का दृश्य कला संकाय

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
-रोम, फ्लोरेंस और वेनिस में व्याख्यान, लाइव आर्ट डेमोंस्ट्रेशन और कला प्रदर्शनी के जरिए भारतीय कला का वैश्विक मंच पर होगा प्रदर्शन
वाराणसी, 13 नवंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद वाराणसी स्थित काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) का दृश्य कला संकाय इटली में भारतीय कला, शिल्प, दृश्य संस्कृति और समकालीन डिजाइन की समृद्ध परंपरा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेगा। इसके लिए संकाय के चार सदस्यीय शिक्षक एवं कलाकार प्रतिनिधिमंडल 11 से 19 नवंबर तक इटली की शैक्षणिक एवं कला अध्ययन यात्रा पर है। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल रोम, फ्लोरेंस और वेनिस के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों एवं कला संस्थानों में व्याख्यान, प्रत्यक्ष कला प्रदर्शन और प्रदर्शनी के माध्यम से भारतीय कला की विविधता से अंतरराष्ट्रीय समुदाय को परिचित कराएगा।
शुक्रवार को बीएचयू के जनसंपर्क कार्यालय ने इसकी जानकारी दी। कार्यालय के अनुसार, इस यात्रा का उद्देश्य भारतीय और यूरोपीय कला परंपराओं के बीच संवाद को प्रोत्साहित करना तथा कला शिक्षा, रचनात्मकता और डिजाइन के क्षेत्र में संभावित अंतरराष्ट्रीय सहयोग की नई संभावनाएं तलाशना है। यात्रा के दौरान प्रतिनिधिमंडल यूरोप की समृद्ध कला, स्थापत्य, संग्रहालयों और रचनात्मक शिक्षा की पद्धतियों का भी अध्ययन करेगा।
प्रतिनिधिमंडल में दृश्य कला संकाय की अधिष्ठाता प्रो. जसमिंदर कौर, व्यवहारिक कला विभाग के अध्यक्ष एवं प्रोफेसर प्रो. मनीष अरोड़ा, चित्रकला विभाग (प्रिंटमेकिंग) के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. महेश सिंह तथा व्यवहारिक कला विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर ज्ञानेंद्र कुमार कनौजिया शामिल हैं।इस शैक्षणिक यात्रा का प्रमुख आकर्षण 16 नवंबर को वेनिस में आयोजित होने वाला अकादमिक व्याख्यान एवं संवाद सत्र होगा।
प्रो. एंटोनियो रिगोपोलोस की मेजबानी में आयोजित इस कार्यक्रम में काशी की जीवंत दृश्य परंपरा, भारतीय कला, शिल्प, वस्त्र, चित्रांकन और समकालीन डिजाइन के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी।इस दौरान बीएचयू के कलाकार काशी की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के भारतीय कला एवं डिजाइन पर पड़ने वाले प्रभावों को रेखांकित करेंगे।
गंगा के घाटों, मंदिरों, पारंपरिक चित्रांकन, बनारसी वस्त्रों, हस्तशिल्प और स्थानीय दृश्य संस्कृति से विकसित कलात्मक अभिव्यक्तियों को समकालीन कला शिक्षा और डिजाइन के संदर्भ में प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम में दृश्य कला संकाय की शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का परिचय देने के साथ शिक्षकों की मौलिक कलाकृतियों का प्रदर्शन और विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों के साथ खुला संवाद भी होगा।
यात्रा का एक अन्य महत्वपूर्ण पड़ाव वेनिस की प्रतिष्ठित ललित कला अकादमी होगा। यहां 16 नवंबर को भारतीय कलाकार-शिक्षकों की ओर से प्रत्यक्ष कला प्रदर्शन और मौलिक कलाकृतियों की प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। 'हैंड्स फ्रॉम बनारस' शीर्षक वाले इस विशेष आयोजन में चारों कलाकार अपनी विशेषज्ञता के अनुरूप कला सृजन की विभिन्न प्रक्रियाओं का लाइव प्रदर्शन करेंगे।इसके तहत प्रो. जसमिंदर कौर भारतीय लघु चित्रकला की समृद्ध परंपरा और उसकी विशिष्ट तकनीकों का प्रदर्शन करेंगी।
प्रो. मनीष अरोड़ा ड्राइंग और मिनिमलिस्ट पेंटिंग के माध्यम से रेखा, रूप, संरचना और दृश्य अभिव्यक्ति की संभावनाओं को सामने रखेंगे। डॉ. महेश सिंह प्रिंटमेकिंग की विभिन्न तकनीकों और उनकी सृजनात्मक प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष प्रदर्शन करेंगे, जबकि ज्ञानेंद्र कुमार कनौजिया ग्राफिक डिजाइन के नजरिये से चित्रकला, दृश्य संरचना और समकालीन ग्राफिक भाषा के अंतर्संबंधों को प्रस्तुत करेंगे।इस अवसर पर चारों कलाकारों की लगभग 30 से 40 मौलिक कलाकृतियां भी प्रदर्शित की जाएंगी। इस आयोजन के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय दर्शकों को भारतीय कला की पारंपरिक विरासत के साथ उसके समकालीन प्रयोगों और नवाचारों से रूबरू होने का अवसर मिलेगा। साथ ही, बनारस की विशिष्ट कलात्मक पहचान को वैश्विक कला जगत में नई पहचान दिलाने और भारत-इटली के बीच कला एवं डिजाइन के क्षेत्र में अकादमिक सहयोग को विस्तार देने की दिशा में भी यह यात्रा महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी