Live VNS

भारतीय हिमालयी आबादी में दूध पचाने की क्षमता से जुड़े तीन नए आनुवंशिक वेरिएंट की खोज

भारतीय हिमालयी आबादी में दूध पचाने की क्षमता से जुड़े तीन नए आनुवंशिक वेरिएंट की खोज

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

—छह संस्थानों के 13 वैज्ञानिकों के शोध में पहली बार भारतीय आबादी में मिले विशिष्ट म्यूटेशन ——हिमालयी समुदायों के जैविक अनुकूलन पर नई रोशनी

वाराणसी, 13 नवंबर (हि.स.)। भारतीय हिमालयी आबादी में दूध पचाने की क्षमता (लैक्टेज टॉलरेंस) से जुड़े तीन विशिष्ट आनुवंशिक वेरिएंट की पहचान की गई है। छह संस्थानों के 13 वैज्ञानिकों के संयुक्त अध्ययन में सामने आए ये तीनों वेरिएंट पहली बार किसी भारतीय आबादी में दर्ज किए गए हैं। इस खोज से हिमालयी समुदायों में दूध और डेयरी उत्पादों के सेवन के प्रति विकसित हुई आनुवंशिक अनुकूलन प्रक्रिया को समझने में मदद मिलेगी। साथ ही प्राचीन मानव प्रवास, ऐतिहासिक व्यापार मार्गों और सांस्कृतिक-आनुवंशिक विकास से जुड़े नए तथ्य भी सामने आ सकेंगे।

यह महत्वपूर्ण शोध कलकत्ता विश्वविद्यालय, काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) और हैदराबाद स्थित सेंटर फॉर सेलुलर एंड मॉलिक्यूलर बायोलॉजी (सीसीएमबी) समेत छह संस्थानों के वैज्ञानिकों ने मिलकर किया है। शोधकर्ताओं ने हिमालयी क्षेत्रों में रहने वाले विभिन्न समुदायों के डीएनए नमूनों का विश्लेषण कर यह जानने का प्रयास किया कि ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों की कठिन परिस्थितियों और पारंपरिक खान-पान के अनुरूप इन समुदायों में किस तरह के आनुवंशिक बदलाव हुए हैं।

——हिमालयी समुदायों में मिले विशिष्ट आनुवंशिक बदलाव

बीएचयू के सेंटर फॉर जेनेटिक डिसऑर्डर की वैज्ञानिक डॉ. चंदना बसु ने शुक्रवार को बताया कि यह शोध दक्षिण एशिया, विशेषकर भारत में दूध और लैक्टोज सहनशीलता के विकास की प्रक्रिया को समझने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। इससे यह जानने में भी मदद मिलेगी कि अलग-अलग भौगोलिक और सांस्कृतिक परिस्थितियों में मानव शरीर ने किस प्रकार स्वयं को अनुकूलित किया।

कलकत्ता विश्वविद्यालय के प्राणी विज्ञान विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. राकेश तमांग के अनुसार, भारतीय हिमालयी क्षेत्रों में रहने वाले भूटिया, तामांग, शेरपा और तिब्बती मूल के अन्य समुदाय सदियों से पारंपरिक पशुपालन और डेयरी गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। अध्ययन में पाया गया कि इन समुदायों में यूरोप और भारतीय मैदानी क्षेत्रों में आमतौर पर मिलने वाला लैक्टेज पर्सिस्टेंस वेरिएंट सीमित मात्रा में मौजूद है। वहीं, तिब्बती पठार पर प्रमुखता से पाया जाने वाला वेरिएंट भी इनकी आबादी में अच्छी संख्या में मिला है।

——हजारों वर्षों के खान-पान ने बदली आनुवंशिक संरचना

शोध की प्रथम लेखिका शप्तपर्णी डे ने बताया कि हिमालयी क्षेत्रों की कठोर जलवायु और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में जीवनयापन करने वाले समुदायों ने लंबे समय तक दूध और डेयरी उत्पादों को अपने भोजन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाए रखा। पीढ़ियों तक जारी इस खान-पान की परंपरा के साथ प्राकृतिक चयन की प्रक्रिया ने उनकी आनुवंशिक संरचना को भी प्रभावित किया।

वैज्ञानिक भाषा में इस प्रक्रिया को 'कन्वर्जेंट इवोल्यूशन' यानी अभिसारी विकास तथा सांस्कृतिक-आनुवंशिक सह-विकास के संदर्भ में समझा जाता है। इसका अर्थ है कि अलग-अलग आबादी में समान पर्यावरणीय और सांस्कृतिक दबावों के कारण समान प्रकार के जैविक अनुकूलन विकसित हो सकते हैं।

——तिब्बती मूल की आबादी से मिलती है आनुवंशिक समानता

शोध को व्यापक आधार देने के लिए वैज्ञानिकों ने भारत के प्रमुख भाषाई समूहों के आनुवंशिक आंकड़ों का तुलनात्मक अध्ययन किया। इसमें इंडो-यूरोपीय, द्रविड़, ऑस्ट्रोएशियाटिक और तिब्बती-बर्मी भाषी समुदायों के जेनेटिक डेटा का विश्लेषण किया गया।

तुलनात्मक अध्ययन में सामने आया कि भारतीय हिमालयी आबादी की आनुवंशिक संरचना में तिब्बती मूल के समुदायों से उल्लेखनीय समानता दिखाई देती है। यह निष्कर्ष हिमालयी क्षेत्रों में प्राचीन मानव प्रवास, आबादी के आपसी संपर्क और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के इतिहास को समझने में भी सहायक हो सकता है।

—आगे जीनोम सीक्वेंसिंग और क्लिनिकल अध्ययन की तैयारी

बीएचयू के जीन विज्ञानी प्रो. ज्ञानेश्वर चौबे ने बताया कि इस अध्ययन के निष्कर्षों को और गहराई से समझने के लिए भविष्य में व्यापक स्तर पर जीनोम सीक्वेंसिंग और क्लिनिकल अध्ययन किए जाने की योजना है। इसके माध्यम से पहचाने गए आनुवंशिक वेरिएंट की कार्यप्रणाली, दूध पचाने की क्षमता पर उनके प्रभाव और मानव विकास में उनकी भूमिका का विस्तृत अध्ययन किया जाएगा। वैज्ञानिकों के अनुसार, यह खोज केवल दूध पचाने की क्षमता से जुड़े आनुवंशिक बदलावों तक सीमित नहीं है, बल्कि हिमालयी आबादी के विकास, प्रवास, पारंपरिक जीवनशैली और पर्यावरण के साथ मानव शरीर के लंबे जैविक अनुकूलन को समझने के लिए भी नए रास्ते खोलती है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…