Live VNS

आईएमएस-बीएचयू में सांस्कृतिक मूल्यों और समग्र मनोदैहिक उत्कर्ष पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन शुरू

आईएमएस-बीएचयू में सांस्कृतिक मूल्यों और समग्र मनोदैहिक उत्कर्ष पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन शुरू

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

—भारत, नेपाल और श्रीलंका सहित विभिन्न देशों के प्रतिनिधि प्रस्तुत करेंगे 150 शोधपत्र, होंगे 12 वैज्ञानिक सत्र

वाराणसी, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के चिकित्सा विज्ञान संस्थान आयुर्वेद संकाय के संहिता एवं संस्कृत विभाग तथा सिद्धांत दर्शन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को के.एन. उडुपा सभागार में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ हुआ। ‘नई पीढ़ी के समग्र मनोदैहिक उत्कर्ष हेतु सांस्कृतिक मूल्यों के समावेश की अनिवार्यता’ विषय पर आयोजित इस सम्मेलन में भारत, नेपाल और श्रीलंका सहित विभिन्न देशों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। सम्मेलन में कुल 150 वैज्ञानिक शोधपत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। 27 नवंबर तक चलने वाले इस सम्मेलन में दो पूर्ण सत्र (प्लेनरी सेशन) और 12 वैज्ञानिक सत्र आयोजित होंगे। इससे पूर्व बुधवार को प्री-कॉन्फ्रेंस ऑनलाइन कार्यशाला का आयोजन किया गया था। सम्मेलन का उद्घाटन राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के गायन के साथ हुआ। इसके बाद भारत रत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण, मंगलाचरण और पारंपरिक दीप प्रज्वलन किया गया। विश्वविद्यालय के कुलगीत के गायन के साथ उद्घाटन समारोह की औपचारिक शुरुआत हुई। आयोजन अध्यक्ष प्रो. रानी सिंह ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। आयोजन अध्यक्ष प्रो. पी.के. गोस्वामी ने सम्मेलन की रूपरेखा, विषय की प्रासंगिकता और अकादमिक उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने समकालीन स्वास्थ्य सेवाओं, विज्ञान और शिक्षा के क्षेत्र में सांस्कृतिक मूल्यों तथा भारतीय ज्ञान परंपरा के व्यवस्थित समावेश की आवश्यकता पर जोर दिया।

बतौर मुख्य अतिथि एवं आईएमएस-बीएचयू के निदेशक प्रो. एस.एन. शंखवार ने कहा कि इक्कीसवीं सदी की स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का प्रभावी समाधान पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक चिकित्सा विज्ञान के बीच अंतरविषयक समन्वय से संभव है। उन्होंने चिकित्सा के क्षेत्र में दोनों ज्ञान प्रणालियों के बीच सार्थक संवाद और सहयोग को महत्वपूर्ण बताया। विशिष्ट अतिथि नेपाल के प्रो. शिव मंगल प्रसाद ने युवा पीढ़ी में मनोदैहिक सुदृढ़ता के विकास के लिए पारंपरिक मूल्य प्रणालियों की महत्ता और उनकी अंतर-सांस्कृतिक प्रासंगिकता को रेखांकित किया। आयुर्वेद संकाय के संकाय प्रमुख प्रो. के.एच.एच.वी.एस.एस.एन. मूर्ति ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

उद्घाटन समारोह में सम्मेलन की स्मारिका का विमोचन किया गया। इसके साथ ही दो अकादमिक पुस्तकों का भी लोकार्पण हुआ। इनमें संगीता सिंह एवं सोनाली शुक्ला द्वारा संपादित पुस्तक तथा डॉ. भवानी सिंह द्वारा लिखित पुस्तक शामिल है। कार्यक्रम में प्रो. राजेंद्र प्रसाद, वरिष्ठ प्रोफेसर बी.के. द्विवेदी, डॉ. ए.के. द्विवेदी और डॉ. विशाल जायसवाल सहित अनेक वरिष्ठ शिक्षाविद एवं चिकित्सा विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…