Live VNS

भारत-जर्मनी के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत बनाने की जरूरत : प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी

भारत-जर्मनी के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत बनाने की जरूरत : प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

——बीएचयू में भारत-जर्मनी संबंधों पर तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में विद्वानों ने साझा विरासत और सहयोग की संभावनाओं पर किया मंथन

वाराणसी, 20 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में भारत और जर्मनी के बीच ऐतिहासिक, साहित्यिक, दार्शनिक, राजनीतिक एवं सांस्कृतिक संबंधों के विभिन्न आयामों पर तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। कला संकाय के जर्मन अध्ययन विभाग और हान्स साइडल फाउंडेशन (एचएसएफ) एलुमनी क्लब, इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सम्मेलन के दूसरे दिन शुक्रवार को दोनों देशों की साझा बौद्धिक विरासत और समकालीन संबंधों पर विस्तार से चर्चा हुई।

'भारत और जर्मनी के बीच संवाद की अनुगूँज : ग्रंथों, संदर्भों और सांस्कृतिक संपर्कों के विविध आयामों का पुनरावलोकन' विषयक इस सम्मेलन के उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता करते हुए बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि भारत और जर्मनी के बीच शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक सहयोग को और मजबूत बनाने की जरूरत है। उन्होंने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक विविधता, अंतर्विषयी क्षमताओं और जर्मन अध्ययन विभाग की समृद्ध अकादमिक परंपरा का उल्लेख करते हुए ऐसे आयोजनों को दोनों देशों के बीच संवाद और सहयोग का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

हान्स साइडल फाउंडेशन इंडिया की रेजिडेंट प्रतिनिधि जुडिथ वाइनबर्गर-सिंह ने कहा कि भारत-जर्मनी के संबंध केवल आर्थिक और कूटनीतिक साझेदारी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि साहित्य, प्रवासन, जलवायु कूटनीति, शासन, शिक्षा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान जैसे व्यापक क्षेत्रों तक विस्तृत हैं। उन्होंने दोनों देशों के बीच बढ़ते शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक संबंधों के महत्व को रेखांकित किया।

दिल्ली विश्वविद्यालय के जर्मन एवं रोमन अध्ययन विभाग के सहायक प्रोफेसर और एचएसएफ इंडिया एलुमनी क्लब के अध्यक्ष डॉ. शिव प्रकाश यादव ने कहा कि छात्रवृत्तियों और विभिन्न शैक्षणिक सहयोग कार्यक्रमों के माध्यम से फाउंडेशन भारत एवं जर्मनी के बीच अकादमिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

बीएचयू कला संकाय की प्रमुख प्रो. अनीता सिंह ने दोनों देशों के बीच अंतर-सांस्कृतिक एवं साहित्यिक संबंधों के ऐतिहासिक पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने विशेष रूप से 18वीं शताब्दी के उत्तरार्ध में जर्मन साहित्यिक आंदोलन और उस दौर में भारतीय विचारों एवं साहित्य के प्रभाव की चर्चा की।

सम्मेलन के संयोजक डॉ. ओम प्रकाश ने बताया कि भारत और जर्मनी के राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित यह सम्मेलन दोनों देशों की साझा बौद्धिक विरासत के पुनरावलोकन का महत्वपूर्ण मंच है। इसके माध्यम से ऐतिहासिक संबंधों की वर्तमान प्रासंगिकता को समझने के साथ भविष्य में शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक सहयोग की नई संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है। उद्घाटन सत्र का समापन जर्मन अध्ययन विभाग के अध्यक्ष प्रो. अभय कुमार मिश्रा के धन्यवाद ज्ञापन से हुआ।

——भारत की बदलती छवि पर भी चर्चा

सम्मेलन का मुख्य व्याख्यान सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय के विदेशी भाषा विभाग में जर्मन की पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. स्वाति आचार्य ने दिया। उन्होंने 18वीं शताब्दी से वर्तमान समय तक भारत और जर्मनी के बीच साहित्यिक, दार्शनिक एवं आध्यात्मिक आदान-प्रदान का विस्तृत परिदृश्य प्रस्तुत किया। उन्होंने जर्मन बौद्धिक और साहित्यिक विमर्श में भारत की बदलती छवि पर चर्चा करते हुए बताया कि यूरोपीय समाज में कभी भारत को आकर्षण, पलायन और आदर्श जीवन की एक विदेशी भूमि के रूप में देखा जाता था। हालांकि, समय के साथ यह आदर्शीकृत छवि बदली और भारत को लेकर अधिक आलोचनात्मक, व्यापक एवं बहुआयामी दृष्टिकोण विकसित हुआ। सम्मेलन में शामिल विद्वानों और शोधार्थियों ने ऐतिहासिक ग्रंथों, साहित्यिक संदर्भों और सांस्कृतिक संपर्कों का नए दृष्टिकोण से अध्ययन करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अतीत के बौद्धिक संवादों को समझना भारत और जर्मनी के बीच भविष्य के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक सहयोग को नई दिशा दे सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…