काशी की संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास होगा ‘काशी भजन क्लबिंग’ : अशोक चौरसिया

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
-नमो घाट पर शुक्रवार को होगा आयोजन, भक्ति, संगीत और आधुनिकता के संगम से युवाओं को संस्कृति से जोड़ने की पहल
वाराणसी, 19 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राचीन परंपराओं और सनातन मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को नमो घाट पर ‘काशी भजन क्लबिंग’ का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से युवाओं को भक्ति, संगीत और आधुनिक प्रस्तुति के अनूठे संगम से भारतीय संस्कृति एवं आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
इस आयोजन की तैयारियों को लेकर गुरुवार को सिगरा स्थित गुलाब बाग कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) काशी क्षेत्र की महत्वपूर्ण बैठक हुई। क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और आयोजन के उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। भारतीय संस्कृति, सभ्यता और सनातन परंपराओं को आधुनिक परिवेश में नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से ‘काशी भजन क्लबिंग’ की परिकल्पना की गई है। यह आयोजन युवाओं को अपनी विरासत से परिचित कराने के साथ ही उनके भीतर परंपराओं के प्रति गर्व, सम्मान और जिम्मेदारी का भाव जागृत करेगा।
उन्होंने कहा कि काशी की प्राचीन सांस्कृतिक परंपराओं को नए अंदाज में प्रस्तुत कर युवा पीढ़ी तक पहुंचाना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।बैठक में दिल्ली एनडीएमसी के वाइस चेयरमैन कुलदीप चहल ने कहा कि हमारी संस्कृति और सभ्यता केवल अतीत की पहचान नहीं, बल्कि वर्तमान की शक्ति और भविष्य की नींव है। आधुनिकता के साथ आगे बढ़ते हुए युवाओं का अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहना बेहद जरूरी है। युवा ही हमारी सांस्कृतिक विरासत के वास्तविक संवाहक हैं। उनके माध्यम से भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं, भजन, संगीत और आध्यात्मिक मूल्यों को नई ऊर्जा एवं दिशा मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि ‘काशी भजन क्लबिंग’ इसी सोच का अभिनव प्रयास है, जिसमें भक्ति, संगीत और आधुनिक प्रस्तुति के जरिए युवाओं को आध्यात्मिकता से जोड़ने का प्रयास होगा।वहीं, विधान परिषद सदस्य अश्वनी त्यागी ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया जाएगा कि भजन केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे हमारी संस्कृति, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना की अमूल्य धरोहर हैं। नई पीढ़ी की रुचि और ऊर्जा के अनुरूप भजनों को नए स्वरूप में प्रस्तुत कर इन परंपराओं को और अधिक लोकप्रिय बनाया जा सकता है।
बैठक के अंत में महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।बैठक में क्षेत्र उपाध्यक्ष अमित राय, क्षेत्र महामंत्री अनूप जायसवाल, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी मधुकर चित्रांश, चंद्रशेखर उपाध्याय, पवन सिंह, संदीप सिंह, संजय सोनकर, अजय गुप्ता, उदय पटेल, अदिति सिंह पटेल, रजत जायसवाल, अवनीश श्रीवास्तव और ओम तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
--------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी