Live VNS

वाराणसी : चाइनीज मांझे के खिलाफ उत्तर प्रदेश भाईचारा कमेटी ने चलाया जागरूकता अभियान

वाराणसी : चाइनीज मांझे के खिलाफ उत्तर प्रदेश भाईचारा कमेटी ने चलाया जागरूकता अभियान

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

-डाला छठ पर घाटों और तालाबों के आसपास ड्रोन से निगरानी कराने की मांग

वाराणसी, 12 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर में जानलेवा चाइनीज मांझे के खिलाफ उत्तर प्रदेश भाईचारा कमेटी ने गुरुवार को गिरजाघर स्थित पेट्रोल पंप के पास जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दूसरे चरण में कमेटी के पदाधिकारियों ने राहगीरों और आम नागरिकों को चाइनीज मांझे से होने वाले जानलेवा हादसों के प्रति जागरूक किया। साथ ही लोगों से इसके इस्तेमाल और बिक्री का बहिष्कार करने की अपील की।

अभियान के दौरान वक्ताओं ने कहा कि शुक्रवार से शुरू हो रहे डाला छठ पर्व के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चाइनीज मांझे पर सख्ती से प्रतिबंध लगाया जाना जरूरी है। गंगा घाटों, तालाबों और कुंडों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने के साथ ड्रोन के माध्यम से चाइनीज मांझे की निगरानी कराई जानी चाहिए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके । वक्ताओं ने कहा कि चाइनीज मांझे के कारण आए दिन मनुष्य ही नहीं, बल्कि पशु-पक्षी भी इसकी चपेट में आकर अपनी जान गंवा रहे हैं। इसके बावजूद शहर की कई सामाजिक संस्थाओं की चुप्पी चिंता का विषय है। इस गंभीर समस्या से निपटने के लिए काशी के नागरिकों, समाजसेवियों, सामाजिक संगठनों और सभी राजनीतिक दलों को एकजुट होकर इसके खिलाफ आवाज बुलंद करनी होगी।

कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद वर्मा मौर्य ने कहा कि 'चाइनीज मांझे का बहिष्कार करो, जागो और जगाओ' अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे न तो चाइनीज मांझे का इस्तेमाल करें और न ही इसकी खरीद-बिक्री को बढ़ावा दें। जनसहयोग और सामूहिक प्रयास से ही इस जानलेवा खतरे पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। कार्यक्रम में रोटरी डिस्ट्रिक्ट के जोनल चेयरमैन वीरेंद्र कपूर, महेश्वरी, दीपक चौरसिया, शकील अहमद जादूगर, दिग्विजय सिंह, नरसिंह दास, प्रेम दीप तिवारी, अमीर हैदर, भोलू तथा बैजनाथ प्रसाद उर्फ गटर सहित अनेक लोग मौजूद रहे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…