Live VNS

वाराणसी : बाबतपुर हवाई अड्डे पर उतरते ही दिखेगा 'बनारस',प्रो. मनीष अरोड़ा की परिकल्पना

वाराणसी : बाबतपुर हवाई अड्डे पर उतरते ही दिखेगा 'बनारस',प्रो. मनीष अरोड़ा की परिकल्पना

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

- सीआईआई बनारस बिनाले के कला-इंस्टॉलेशन का लोकार्पण

वाराणसी, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार को सीआईआई बनारस बिनाले 2026 के विशेष कला-इंस्टॉलेशन का लोकार्पण हुआ। लोकार्पण सीआईआई बनारस बिनाले के अध्यक्ष एवं जेके सीमेंट लिमिटेड के संयुक्त प्रबंध निदेशक माधवकृष्ण सिंघानिया तथा हवाई अड्डा निदेशक पुनीत गुप्ता ने किया। इस अवसर पर बनारस बिनाले की स्वागत समिति के सदस्य अविनव पेशवानी सहित सीआईआई के सदस्य उपस्थित रहे। इस इंस्टॉलेशन की परिकल्पना, डिज़ाइन और कलात्मक रचना काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के दृश्य कला संकाय में अप्लाइड आर्ट्स विभाग के अध्यक्ष प्रो. मनीष अरोड़ा की है।

बिनाले के प्रतीक-चिह्न में लिखे 'बनारस' के अक्षरों को उन्होंने एक त्रि-आयामी नगर में बदल दिया है। अक्षरों के भीतर घाटों की सीढ़ियाँ, मंदिरों के शिखर, मेहराबदार आले और गंगा की नाव उभरते हैं, और आलों में बनारस के पारंपरिक खिलौने सजे हैं। भीतर से जगमगाती रोशनी बिनाले के विषय 'काशी/प्रकाश: इंद्रियों का नगर' को साकार करती है। यात्री के लिए यह इंस्टॉलेशन शहर का पहला स्वागत-द्वार है, जहाँ एक ही चिह्न में पूरा बनारस पढ़ा जा सकता है।

प्रो. मनीष अरोड़ा ने बताया कि हवाई अड्डा किसी शहर का पहला दरवाज़ा होता है। हम चाहते थे कि यात्री उतरते ही बनारस को पढ़ सकें। उसके अक्षर, गलियाँ, घाट और खिलौने, सब एक ही चिह्न में। बनारस अपने आप में एक डिज़ाइन है, और यह इंस्टॉलेशन उसी डिज़ाइन का छोटा-सा नक्शा है। इस इंस्टॉलेशन के साथ हवाई अड्डे पर बीएचयू के दृश्य कला संकाय की कला अब चार रूपों में मौजूद है।

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के आवागमन मार्ग पर संकाय के के. सुरेश कुमार (सुरेश नायर) का भव्य भित्ति-चित्र लगा है। वर्ष 2018 में अमेरिका से फुलब्राइट फेलो के रूप में संकाय में आईं अगस्टा दोर्जी के बनाए पोर्ट्रेट भी यहाँ प्रदर्शित हैं। नीचे आगमन क्षेत्र में टिकट काउंटरों के पास G20 के अवसर पर प्रो. मनीष अरोड़ा और उनके शोध-छात्र राहुल शॉ द्वारा बनाया गया लकड़ी का G20 लोगो लगा है। अब बनारस बिनाले का यह इंस्टॉलेशन इस कड़ी की चौथी प्रस्तुति है। इस्टॉलेशन के ठीक बगल में संकाय की पूर्व शिक्षिका और देश की प्रख्यात मूर्तिकार प्रो. लतिका कट्ट की संगमरमर की कृति 'वेव्स' स्थापित है। इस तरह हवाई अड्डे पर बीएचयू के दृश्य कला संकाय की दो पीढ़ियाँ एक साथ यात्रियों का स्वागत करती दिखती हैं।

सीआईआई बनारस बिनाले 27 नवंबर से 31 दिसंबर 2026 तक पूरे नगर में आयोजित होगा। इसी क्रम में 27 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे बीएचयू के स्वतंत्रता भवन में 'बीएचयू छात्र एवं शिक्षक बिनाले' प्रदर्शनी का उद्घाटन होगा।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…