Live VNS

बिस्मिल्लाह खां की पुश्तैनी धरोहर के संरक्षण की उठी मांग, डिवाइडरों पर कमल की आकृतियों को लेकर कांग्रेस ने जताई आपत्ति

बिस्मिल्लाह खां की पुश्तैनी धरोहर के संरक्षण की उठी मांग, डिवाइडरों पर कमल की आकृतियों को लेकर कांग्रेस ने जताई आपत्ति

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मिलकर सौंपा ज्ञापन, दोनों मामलों में तत्काल कार्रवाई की मांग

वाराणसी, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ ही सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण में राजनीतिक प्रतीकों के इस्तेमाल का मुद्दा मंगलवार को कांग्रेस ने उठाया। कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार से मुलाकात कर दो अलग-अलग मामलों में ज्ञापन सौंपा और तत्काल कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस कमेटी के वाराणसी महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने भारत रत्न एवं शहनाई सम्राट उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के हड़हा स्थित पुश्तैनी मकान की जर्जर स्थिति और उनके परिवार की आर्थिक बदहाली पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि उस्ताद बिस्मिल्लाह खां केवल महान शहनाई वादक ही नहीं, बल्कि काशी की गंगा-जमुनी तहजीब, सांप्रदायिक सौहार्द और भारतीय सांस्कृतिक विरासत के जीवंत प्रतीक थे। उन्होंने अपनी कला और साधना से पूरी दुनिया में बनारस को गौरवान्वित किया, लेकिन आज उनकी ऐतिहासिक धरोहर और परिवार प्रशासनिक उपेक्षा का सामना कर रहे हैं।

चौबे ने बताया कि हाल ही में सामाजिक कार्यकर्ताओं और महानगर कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के पुश्तैनी आवास पर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात की थी। इस दौरान मकान की जर्जर स्थिति और परिवार के सामने आजीविका के संकट की जानकारी मिली। उन्होंने सवाल उठाया कि जब शहर के सौंदर्यीकरण और विकास पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, तो देश की इस महान विभूति की विरासत के संरक्षण और उनके परिवार की सहायता के लिए ठोस कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे हैं? कांग्रेस ने मांग की कि पुश्तैनी मकान का तत्काल सर्वेक्षण कराकर उसके संरक्षण एवं जीर्णोद्धार की व्यवस्था की जाए। साथ ही परिवार की आर्थिक और सामाजिक स्थिति को देखते हुए उन्हें उचित सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाए।वहीं, शहर के विभिन्न मार्गों के डिवाइडरों पर आधुनिक लाइटों के साथ कमल के फूल जैसी आकृतियां लगाए जाने पर भी कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई।

राघवेंद्र चौबे ने कहा कि कमल भारतीय जनता पार्टी का चुनाव चिह्न है। ऐसे में सरकारी धन से कराए जा रहे सौंदर्यीकरण कार्यों में किसी राजनीतिक दल के चुनाव चिह्न जैसी आकृतियों का इस्तेमाल निष्पक्षता और औचित्य पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि काशी की अपनी विशिष्ट धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान है। शहर के सौंदर्यीकरण में राजनीतिक प्रतीकों के बजाय स्थानीय परंपराओं और संस्कृति को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। कांग्रेस ने डिवाइडरों पर कमल जैसी आकृतियों के स्थान पर भगवान शिव के पवित्र प्रतीक डमरू अथवा त्रिशूल लगाने की मांग की।

उन्हाेंने कहा कि एक ओर सरकार काशी को विश्वस्तरीय शहर और सांस्कृतिक राजधानी के रूप में विकसित करने का दावा कर रही है। वहीं दूसरी ओर यहां की वास्तविक सांस्कृतिक धरोहरों और महान विभूतियों के परिवारों की उपेक्षा हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी धन का इस्तेमाल किसी राजनीतिक दल की पहचान को बढ़ावा देने के बजाय जनहित और काशी की सांस्कृतिक विरासत को संवारने में होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी काशी की गंगा-जमुनी तहजीब, सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी।

प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से दोनों मामलों में तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।प्रतिनिधिमंडल में मनीष शर्मा, डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, वकील अंसारी, प्रवीण प्रकाश, राजू राम, संतोष चौरसिया, हसन मेहदी कंब्बन, प्रमोद वर्मा सहित अन्य कांग्रेसजन शामिल रहे।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…