Live VNS

लोक आस्था के महापर्व डाला छठ की बिखरने लगी छटा, शुक्रवार को नहाय-खाय से होगा चार दिवसीय अनुष्ठान का शुभारंभ

लोक आस्था के महापर्व डाला छठ की बिखरने लगी छटा, शुक्रवार को नहाय-खाय से होगा चार दिवसीय अनुष्ठान का शुभारंभ

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

काशी में छठी मैया के गीतों से भक्तिमय हुआ माहौल, घाटों और सरोवरों पर तैयारियां तेज

पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ी भीड़

वाराणसी, 12 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी (वाराणसी)में लोक आस्था के महापर्व डाला छठ की छटा बिखरने लगी है। गांव,शहर की गली-मोहल्लों से लेकर घरों और बाजारों तक छठी मैया के पारंपरिक गीतों की गूंज सुनाई देने लगी है। चार दिवसीय इस महापर्व का शुभारंभ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ होगा। पर्व को लेकर व्रती महिलाओं और उनके परिजनों में खासा उत्साह है। घरों में साफ-सफाई से लेकर पूजन सामग्री जुटाने और प्रसाद तैयार करने तक की तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं।

छठ पर्व की तैयारियों के मद्देनजर शहर के बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। बांस से बने सूप, दउरा, डलिया, गन्ना, मौसमी फल और पूजन में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्रियों की दुकानें सज गई हैं। व्रती महिलाओं के परिजन पूजन सामग्री की खरीदारी में जुटे हैं। वहीं, गंगा के विभिन्न घाटों, वरुणा नदी के किनारे तथा शहर के तालाबों और सरोवरों पर व्रतियों के परिजन पूजा की वेदियां बनाने और स्थान सुरक्षित करने में लगे हैं।

घरों में छठी मैया के पारंपरिक गीतों के साथ नए भक्ति गीत भी सुनाई दे रहे हैं। 'बाट जे पूछेला बटोहिया, बहंगी केकरा के जाय...' और 'कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए...' जैसे लोकगीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया है। छठ गीतों की मधुर स्वर लहरियों के बीच काशी में पर्व की तैयारियां जोर पकड़ रही हैं।

बिहार-यूपी की सीमाओं से निकलकर विदेशों तक पहुंची छठ की आस्था

डाला छठ अब बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड की सीमाओं तक ही सीमित नहीं रह गया है। देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेशों में बसे भारतीय समुदायों के बीच भी इस महापर्व की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। सूर्य उपासना, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और पारिवारिक मंगलकामना से जुड़ा यह पर्व लोक संस्कृति और सामाजिक समरसता का विशिष्ट उदाहरण बन गया है।

साहित्यकार धकाधक बनारसी (श्याम नारायण लाल) के अनुसार, छठ पर्व में भगवान सूर्य की आराधना की जाती है। सूर्य को ऊर्जा, शक्ति और जीवन का मूल स्रोत माना गया है। हिंदू धर्म में सूर्य ऐसे प्रत्यक्ष देवता हैं, जिनके दर्शन प्रतिदिन होते हैं। छठ पूजा के दौरान व्रती महिलाएं कठिन व्रत, तप, त्याग और संयम का पालन कर सूर्यदेव तथा छठी मैया के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा प्रकट करती हैं। यह पर्व आत्मशुद्धि, अनुशासन और आंतरिक शांति का संदेश देता है।

उन्होंने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार छठी मैया को संतान की रक्षा, परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की देवी माना जाता है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि सच्चे मन से की गई आराधना से परिवार में सुख-शांति, संतान सुख और स्वस्थ जीवन का आशीर्वाद प्राप्त होता है।

सूर्य उपासना के साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश

छठ पूजा का आध्यात्मिक महत्व होने के साथ ही इसका प्रकृति और पर्यावरण से भी गहरा जुड़ाव है। इस पर्व में व्रती महिलाएं नदियों, तालाबों और अन्य जलाशयों में खड़े होकर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करती हैं। सूर्य की उपासना के माध्यम से मानव जीवन में प्रकृति और उसके संसाधनों के महत्व को स्वीकार किया जाता है।

धकाधक बनारसी के अनुसार, छठ पर्व में स्वच्छता, संयम, नियमित दिनचर्या और प्रकृति के प्रति सम्मान पर विशेष जोर दिया जाता है। व्रती महिलाएं कठिन नियमों का पालन करते हुए इस अनुष्ठान को पूरा करती हैं। पर्व के दौरान जलाशयों और घाटों की सफाई तथा प्राकृतिक पूजन सामग्री के उपयोग की परंपरा भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश देती है।

उन्होंने कहा कि छठ पूजा सामाजिक एकता और सद्भाव का भी पर्व है। इसमें जाति, वर्ग और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर सभी लोग समान श्रद्धा के साथ सूर्यदेव की आराधना करते हैं। सामूहिक रूप से घाटों की सफाई, पूजा की व्यवस्था और प्रसाद वितरण की परंपरा समाज में सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करती है।

परिवारों को जोड़ता है छठ, रिश्तों में घोलता है मिठास

छठ पर्व का महत्व केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका गहरा भावनात्मक और पारिवारिक पक्ष भी है। धकाधक बनारसी के मुताबिक, देश-विदेश में रहने वाले लोग इस पर्व पर अपने गांव और घर लौटने का प्रयास करते हैं। इससे बिछड़े परिवार एक साथ आते हैं और रिश्तों में अपनापन तथा मिठास बढ़ती है।

उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हमारी लोक परंपराओं, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक एकजुटता का संगम है। यह पर्व हमें आस्था के साथ अनुशासन, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, स्वच्छता और सामूहिक सहभागिता का भी संदेश देता है। यही वजह है कि समय के साथ छठ की लोकप्रियता बढ़ती जा रही है और इसकी लोक आस्था की सुगंध देश की सीमाओं को पार कर विदेशों तक पहुंच रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…