Live VNS

काशी की सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और गौरवशाली परंपरा का अद्भुत प्रतीक है देव दीपावली : डॉ नीलकंठ तिवारी

काशी की सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और गौरवशाली परंपरा का अद्भुत प्रतीक है देव दीपावली : डॉ नीलकंठ तिवारी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

—देव दीपावली पर डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बाबा विश्वनाथ एवं मां गंगा का किया दर्शन-पूजन, गंगा घाट पर दीपदान

वाराणसी, 24 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में देवाधिदेव महादेव की नगरी काशी में मंगलवार शाम देव दीपावली का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं प्रदेश के पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर बाबा विश्वनाथ का विधिवत दर्शन-पूजन किया। उन्होंने मंदिर में आरती कर लोककल्याण, सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। इसके पश्चात डॉ. तिवारी ने गंगा के ललिता घाट पर पहुंचकर मां गंगा की विधिवत् पूजन के आरती की तथा यही पर वृहद दीपदान किया। दीपों की जगमगाहट के बीच उन्होंने देव दीपावली के आध्यात्मिक और धार्मिक महत्व को नमन करते हुए इस परंपरा में सहभागिता की।

इस अवसर पर डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि देव दीपावली काशी की सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और गौरवशाली परंपरा का अद्भुत प्रतीक है। यह पर्व हमें भगवान शिव की नगरी काशी की दिव्यता और भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत का स्मरण कराता है। देव दीपावली पर काशी के गंगा घाटों पर प्रज्वलित होने वाले लाखों दीप न केवल आध्यात्मिक आस्था के प्रतीक हैं, बल्कि पूरी दुनिया को भारत की सांस्कृतिक एकता और सनातन परंपरा का संदेश भी देते हैं। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से प्रार्थना है कि सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे तथा काशी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रतिष्ठा निरंतर विश्व पटल पर नई ऊंचाइयों को प्राप्त करे।

उल्लेखनीय है कि कार्तिक पूर्णिमा पर काशी में मनाई जाने वाली देव दीपावली का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। मान्यता है कि इस दिन देवता स्वर्ग से उतरकर बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में दीपोत्सव मनाते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…