वाराणसी : डाला छठ, गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा, घाटों का किया निरीक्षण

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
-श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष जोर, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
वाराणसी, 14 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी में छठ महापर्व, गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने एडीजी नवीन अरोड़ा और अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा के साथ शनिवार को गंगा घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने एनडीआरएफ और जल पुलिस की मोटरबोट से नमो घाट से अस्सी घाट तक विभिन्न घाटों का भ्रमण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छठ पूजा को लेकर घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने अपर नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि सभी घाटों पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल की उपलब्धता भी सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों को पूजा, व्रत और भगवान सूर्य को अर्घ्य देने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। अस्सी घाट के निरीक्षण के दौरान महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, साफ-सफाई और लाइटिंग सहित अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। जिलाधिकारी ने नगर निगम के अधिकारियों को घाटों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई अभियान चलाने, गंदगी का तत्काल निस्तारण करने तथा सभी स्ट्रीट लाइटों की जांच कर खराब लाइटों को शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने छठ पूजा स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और खोया-पाया केंद्र स्थापित करने के साथ ही गहरे पानी वाले स्थानों पर सुरक्षा के दृष्टिगत बैरिकेडिंग कराने को कहा। पूजा स्थलों पर आने वाले वाहनों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा श्रद्धालुओं के आवागमन के रास्तों को स्पष्ट रखने के लिए आवश्यक संकेतक लगाने के निर्देश भी दिए। जनपद के अन्य तालाबों, पोखरों और घाटों पर भी विशेष सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था करने को कहा।
देव दीपावली के लिए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर जोर आगामी गंगा महोत्सव, देव दीपावली और काशी तमिल संगमम की तैयारियों के मद्देनजर जिलाधिकारी ने नमो घाट पर भी व्यवस्थाओं का विस्तार से जायजा लिया। उन्होंने वीवीआईपी और आमजन के आवागमन एवं बैठने की व्यवस्था, बैरिकेडिंग, स्मार्ट लाइटिंग, पुष्प सज्जा, मंच निर्माण, सेफ हाउस, गंगा आरती स्थल, रूट चार्ट, यातायात प्रबंधन और एक्सेस कंट्रोल की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने देव दीपावली के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए नावों के संचालन के लिए कई बोर्डिंग प्वाइंट विकसित करने के निर्देश दिए। नमो घाट पर विशेष प्रकाश व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए मंच, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था तथा विशिष्ट अतिथियों के लिए दीप प्रज्वलन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।इसके साथ ही सेफ हाउस, मैट बिछाने, कुर्सियां लगाने, पार्किंग, स्टेज, टेंट और अतिथियों के लिए वॉशरूम सहित सभी आवश्यक सुविधाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आयोजन के दौरान सुरक्षा, सुगम आवागमन और भीड़ प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।जिलाधिकारी ने लोक आस्था के महापर्व छठ के उपरांत सभी संबंधित अधिकारियों को देव दीपावली की तैयारियों में पूरी तत्परता से जुटने का निर्देश दिया। उन्होंने संयुक्त निदेशक पर्यटन को गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियां अभी से प्रारंभ कराने को कहा, ताकि आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाया जा सके।
निरीक्षण के दौरान एडीएम (वित्त एवं राजस्व) सदानंद गुप्ता, एडीएम सिटी राजेश कुमार, अपर नगर आयुक्त, संयुक्त निदेशक पर्यटन दिनेश कुमार सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी