काशी और तमिलनाडु भारतीय संस्कृति एवं सभ्यता की दो प्राचीन शाश्वत धाराएं : योगी आदित्यनाथ

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
——काशी-तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का भव्य शुभारंभ, उपराष्ट्रपति और केंद्रीय शिक्षा मंत्री की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने किया संबोधन
वाराणसी, 28 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काशी और तमिलनाडु भारतीय संस्कृति एवं सभ्यता की दो प्राचीन और शाश्वत धाराएं हैं। दोनों के बीच सदियों पुराना आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और धार्मिक संबंध रहा है, जो आज भी पूरी जीवंतता के साथ कायम है। काशी तमिल संगमम केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सदियों पुराने सांस्कृतिक और आध्यात्मिक रिश्तों को फिर से जोड़ने का आंदोलन है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को वाराणसी के नमोघाट पर आयोजित काशी-तमिल संगमम के पांचवें संस्करण के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत 'वणक्कम काशी' से करते हुए तमिलनाडु से आए विद्यार्थियों, शिक्षकों, शोधकर्ताओं और अन्य प्रतिभागियों का स्वागत किया। योगी आदित्यनाथ ने काशी की आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि काशी के बारे में कहा जाता है कि यह इतिहास से भी पुरानी और परंपराओं से भी प्राचीन नगरी है। भगवान बुद्ध ने सारनाथ में अपना पहला उपदेश दिया। भगवान पार्श्वनाथ की जन्मस्थली भी यही क्षेत्र है। कबीर ने यहीं अपनी वाणी से समाज को नई दिशा दी, संत रविदास ने समरसता का संदेश दिया और गोस्वामी तुलसीदास ने यहीं रामचरितमानस को जन-जन की भाषा में पहुंचाया।
उन्होंने कहा कि काशी ऐसी नगरी है,जिसकी गोद में हर भाषा और हर प्रदेश के लोग अपना स्थान पाते हैं। काशी ज्ञान, अध्ययन, संगीत और शास्त्रों की विश्व राजधानी बन सकती थी, लेकिन स्वतंत्र भारत में लंबे समय तक इसकी उपेक्षा हुई। यहां आस्था तो थी, लेकिन व्यवस्था नहीं थी। भीड़ थी, लेकिन सुविधाओं का अभाव था। अवसर होने के बावजूद उन्हें आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक संकल्प की कमी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और प्रयासों से आज अविनाशी काशी का स्वरूप तेजी से बदल रहा है।
मुख्यमंत्री ने भारत की सांस्कृतिक परंपराओं में तमिलनाडु के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि जब देश की नई संसद का निर्माण हुआ, तब तमिल अधीनम के संतों के मार्गदर्शन में सेंगोल को सत्ता हस्तांतरण के प्रतीक के रूप में स्थापित किया गया। यह इस बात का प्रमाण है कि भारत की राजपरंपरा भी तमिल संस्कृति और परंपराओं से समृद्ध रही है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काशी-तमिल संगमम सदियों पुराने सांस्कृतिक और आध्यात्मिक रिश्तों को पुनर्जीवित करने का माध्यम बना है। पहले इस परंपरा से सीमित संख्या में लोग जुड़ते थे, लेकिन आज हजारों विद्यार्थी, शिक्षक और शोधकर्ता इसका हिस्सा बन रहे हैं। यह संगम हमें संदेश देता है कि राष्ट्र का निर्माण किसी एक भाषा या संस्कृति से नहीं होता, बल्कि विभिन्न भाषाओं, परंपराओं और संस्कृतियों के आपसी सम्मान एवं भावनात्मक जुड़ाव से होता है।
उन्होंने कहा कि काशी में मां गंगा हैं तो तमिलनाडु में मां कावेरी। नदियां अलग हैं, भाषाएं अलग हैं और परंपराएं भी विविध हैं, लेकिन हमारी सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय संकल्प एक हैं। यही भारत की वास्तविक शक्ति है।
मुख्यमंत्री ने काशी और तमिलनाडु के बीच ऐतिहासिक धार्मिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि नट्टुकोट्टई चेट्टियार समाज पिछले लगभग 200 वर्षों से बाबा विश्वनाथ के पूजन के लिए सामग्री पहुंचाने की परंपरा का निर्वहन कर रहा है। प्रयागराज के पवित्र त्रिवेणी संगम का जल रामेश्वरम ले जाकर भगवान रामनाथ स्वामी का अभिषेक किया जाता है। इसके बाद रामेश्वरम के कोटि तीर्थ का जल काशी लाकर बाबा विश्वनाथ का अभिषेक करने की परंपरा भी रही है।
उन्होंने कहा कि काशी के केदार घाट, हनुमान घाट और हरिश्चंद्र घाट पर आज भी तमिल संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिलती है। इन क्षेत्रों को काशी का 'मिनी तमिलनाडु' भी कहा जाता है। यह इस बात का प्रमाण है कि तमिल समाज ने काशी को केवल एक तीर्थस्थल के रूप में नहीं, बल्कि अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के अभिन्न हिस्से के रूप में अपनाया है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि संपूर्ण भारत को सांस्कृतिक एकात्मता के सूत्र में पिरोने का महत्वपूर्ण कार्य संतों और आचार्यों ने किया है। जगद्गुरु रामानुजाचार्य ने दक्षिण भारत से निकलकर भक्ति की धारा को जन-जन तक पहुंचाया। दक्षिण भारत के संत कुमार काशी आए और केदार घाट पर साधना की। शिवकुमार स्वामी ने यहां मठ की स्थापना की। उनकी परंपरा से जुड़े मठ तमिलनाडु में भी स्थापित हुए। वहीं, महाकवि सुब्रह्मण्य भारती ने भी काशी में रहकर शिक्षा प्राप्त की और यहीं उनकी राष्ट्रभक्ति की भावना को नई ऊर्जा मिली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार गंगा और यमुना के संगम से तीर्थराज प्रयाग का महत्व स्थापित होता है और वहां महाकुंभ का आयोजन होता है, उसी प्रकार काशी में गंगा की ज्ञान परंपरा और तमिलनाडु की अमृतमयी सांस्कृतिक परंपरा का संगम भारतीय राष्ट्र की चेतना को जागृत करता है।
उन्होंने कहा कि काशी-तमिल संगमम भारतीय संस्कृति की विविधता में एकता का उत्सव बन चुका है। यहां भाषाएं भले ही अलग-अलग हों, लेकिन भाव एक हैं। परंपराएं भले ही विविध हों, लेकिन संस्कृति एक है। यही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' के संकल्प की मूल भावना है। काशी और तमिलनाडु का यह संगम देश की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ राष्ट्रीय एकता और अखंडता को भी मजबूती प्रदान करेगा।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी