दिसंबर माह के अंत तक हर हाल में पूरा हो दालमंडी परियोजना का कार्य : डॉ. नीलकंठ तिवारी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
—विधायक और जिलाधिकारी ने किया निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण, अधिकारियों को प्रतिदिन मॉनिटरिंग के निर्देश
——15 दिसंबर तक आवागमन योग्य बनाने और 30 दिसंबर तक सीवर, पेयजल व सड़क का प्रमुख कार्य पूरा करने की समयसीमा तय
वाराणसी, 13 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धर्म नगरी काशी के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र दालमंडी में चल रहे सड़क चौड़ीकरण एवं विकास कार्यों में तेजी लाने को लेकर शहर दक्षिणी के विधायक एवं प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने शुक्रवार को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की धीमी गति और हो रही देरी पर संबंधित विभागों के अधिकारियों से जानकारी ली तथा निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डॉ. तिवारी ने कहा कि बारिश के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ और इसमें देरी हुई, लेकिन अब कार्यों की प्रगति धरातल पर दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि 15 दिसंबर तक दालमंडी मार्ग को आवागमन योग्य बनाया जाए तथा 30 दिसंबर तक सीवर, पेयजल और सड़क निर्माण सहित सभी प्रमुख कार्य हर हाल में पूरे किए जाएं।
——जलभराव और सीवर की समस्या का प्राथमिकता पर हो समाधान
विधायक ने स्थानीय नागरिकों की ओर से मिल रही जलभराव और सीवर संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए इनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारी से कहा कि परियोजना की नियमित निगरानी के लिए आवश्यकतानुसार अधिकारियों की तैनाती की जाए और प्रतिदिन निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा सुनिश्चित की जाए।
डॉ. तिवारी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं अभियंताओं को निर्देशित किया कि आपसी समन्वय बनाकर कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करें। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
——5.6 मीटर से बढ़कर 17.5 मीटर चौड़ी होगी सड़क
काशी विश्वनाथ मंदिर मार्ग को सुगम बनाने के उद्देश्य से संचालित दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना के तहत लगभग 650 मीटर लंबे मार्ग की चौड़ाई मौजूदा करीब 5.6 मीटर से बढ़ाकर 17.5 मीटर की जाएगी। परियोजना के तहत अधिकांश चिह्नित भवनों को हटाने की कार्रवाई पूरी हो चुकी है। अब सड़क निर्माण और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया जा रहा है। डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि दालमंडी का चौड़ीकरण वाराणसी की महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में शामिल है। इसका उद्देश्य संकरी सड़कों के कारण लगने वाले जाम से लोगों को राहत दिलाना और मैदागिन, नई सड़क, चौक तथा गोदौलिया क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाना है।
——काशी विश्वनाथ धाम पहुंचना होगा आसान, व्यापारिक गतिविधियों को भी मिलेगा बढ़ावा
करीब 216 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का निर्माण कार्य अगस्त 2026 में विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी द्वारा भूमि पूजन के बाद शुरू कराया गया था। परियोजना पूरी होने के बाद श्रद्धालुओं और पर्यटकों को काशी विश्वनाथ धाम तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। दालमंडी के व्यापारी और स्थानीय नागरिक लंबे समय से परियोजना के जल्द पूरा होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को दिए गए निर्देशों के बाद निर्माण कार्यों में तेजी आने और निर्धारित समयसीमा में परियोजना के प्रमुख कार्य पूरे होने की उम्मीद जताई जा रही है।
निरीक्षण के दौरान भाजपा पार्षद इंद्रेश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी