बेस्ट गंगा टाउन में देश में तीसरा स्थान मिलने पर वाराणसी नगर निगम में जश्न, सम्मानित हुए सफाई मित्र

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
—महापौर ने मीटिंग हॉल में पांच सफाई कर्मचारियों को मिठाई खिलाकर व प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया उत्साह-अगले वर्ष देश में प्रथम स्थान हासिल करने का लिया संकल्प
वाराणसी, 13 नवम्बर (हि.स.)। स्वच्छता सर्वेक्षण में बेस्ट रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में संपूर्ण देश में तृतीय स्थान प्राप्त होने पर शुक्रवार को वाराणसी नगर निगम में उत्साह का माहौल रहा। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में सिगरा स्थित नगर निगम मुख्यालय के मीटिंग हॉल (सभागार) में सम्मान समारोह व समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महापौर अशोक कुमार तिवारी ने काशी को स्वच्छ और सुंदर बनाने में दिन-रात जुटे रहने वाले दस सफाई कर्मचारियों को अपने हाथों से मिठाई खिलाकर व सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर महापौर ने सभी काशीवासियों और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह सफलता सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने आह्वान किया कि इस उपलब्धि से प्रेरणा लेते हुए आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण में काशी को देश में प्रथम स्थान पर लाने के लिए पूरी ऊर्जा के साथ कार्य करना होगा। बैठक में आगामी वर्ष की स्वच्छता योजनाओं और शहर को और अधिक सुंदर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाने पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम में उपसभापति नरसिंह दास, पार्षद अशोक मौर्य, मदन मोहन तिवारी, बलिराम कन्नौजिया, संदीप रघुवंशी, सिंधु सोनकर, प्रमोद राय, सुरेश पटेल, मदन मोहन दुबे आदि पार्षदों की उपस्थिति रही।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी