Live VNS

वाराणसी में निकली श्री श्याम ध्वजा प्रभात फेरी की भव्य शोभायात्रा, 1100 से अधिक निशान रहे आकर्षण का केंद्र

वाराणसी में निकली श्री श्याम ध्वजा प्रभात फेरी की भव्य शोभायात्रा, 1100 से अधिक निशान रहे आकर्षण का केंद्र

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

— अखंड ज्योत और मुख्य निशान के साथ निकली यात्रा, भजन-कीर्तन और जयकारों से गूंज उठीं काशी की सड़कें

वाराणसी, 20 नवंबर (हि.स.)। देवोत्थान एकादशी के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश की धर्मनगरी काशी में शुक्रवार को श्री श्याम मंडल की ओर से श्री श्याम ध्वजा प्रभात फेरी महोत्सव के तहत भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बाबा श्याम के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित इस शोभायात्रा में 1100 से अधिक श्रद्धालुओं ने हाथों में बाबा श्याम का निशान (ध्वजा) लेकर पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ भाग लिया। शोभायात्रा में विशाल अखंड ज्योत और मुख्य विशाल निशान विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।

शोभायात्रा मैदागिन स्थित बाल पातालेश्वर हनुमान मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद प्रारंभ हुई। यहां से यात्रा बुलानाला, चौक, बांसफाटक, गोदौलिया और गिरजाघर चौराहा होते हुए लक्सा स्थित श्री श्याम मंदिर पहुंची। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। बाबा श्याम के जयकारों से काशी की गलियां गूंज उठीं।

शोभायात्रा में आकर्षक झांकियों के साथ बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों की धुन ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए और बाबा श्याम के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। जगह-जगह गुलाल और पुष्पवर्षा के बीच भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। लक्सा स्थित श्री श्याम मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और विधि-विधान से बाबा श्याम के चरणों में निशान अर्पित किए। इस दौरान भक्तों ने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की।

श्री श्याम मंडल वाराणसी और श्याम प्रेमियों की ओर से आयोजित यह शोभायात्रा 10 नवंबर से चल रही मंगल प्रभात फेरी के समापन पर निकाली गई। देवोत्थान एकादशी को बाबा श्याम के जन्मोत्सव के मुख्य दिन के रूप में मनाए जाने के कारण श्याम भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। मंडल की ओर से हर वर्ष एकादशी पर इस भव्य आयोजन की परंपरा निभाई जाती है।

—देवोत्थान एकादशी पर काशी विश्वनाथ धाम में उमड़ी भीड़

उधर, देवोत्थान एकादशी पर गंगा स्नान के लिए भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु वाराणसी पहुंचे। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन किया। मंगला आरती के समय से ही मंदिर में भक्तों की भीड़ जुटने लगी थी। भोर में गंगा स्नान के बाद श्रद्धालु धाम के गंगा द्वार से दर्शन के लिए कतारबद्ध हो गए। पूरे दिन काशी के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भक्तिमय माहौल बना रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…