Live VNS

राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप में वाराणसी के खिलाड़ियों ने लहराया परचम, चार पदक किए हासिल

राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप में वाराणसी के खिलाड़ियों ने लहराया परचम, चार पदक किए हासिल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

——एक स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया जनपद का गौरव

वाराणसी, 22 नवंबर (हि.स.)। बिजनौर स्थित विवेक यूनिवर्सिटी में 20 से 22 नवंबर तक आयोजित 9वीं कैडेट एवं सीनियर आधिकारिक उत्तर प्रदेश राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 में वाराणसी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल चार पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में वाराणसी की टीम ने एक स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक जीतकर जनपद का गौरव बढ़ाया। कोच गौरव कुमार के प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में उतरे वाराणसी के खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में अपनी तकनीकी दक्षता, आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल कौशल का शानदार परिचय दिया।

प्रतियोगिता में अयांश राय ने सब-जूनियर वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में बिजनौर के खिलाड़ी को पराजित कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। वहीं, आदित्य झा ने अंडर-45 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया और रजत पदक हासिल किया।

इसी क्रम में स्वरिका चौहान ने अंडर-41 किलोग्राम भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया, जबकि साक्षी झा ने अंडर-47 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर टीम की पदक संख्या में इजाफा किया। प्रतियोगिता में राघव चतुर्वेदी ने भी प्रतिभाग करते हुए सराहनीय खेल प्रदर्शन किया।

खिलाड़ियों की इस सफलता के पीछे उनकी निरंतर मेहनत, लगन और अनुशासित अभ्यास के साथ कोच गौरव कुमार का कुशल प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा।

वाराणसी के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष आशीष प्रताप सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह, उपाध्यक्ष रजत मिश्रा, सचिव चंद्रभान पटेल एवं कोषाध्यक्ष अमित जायसवाल सहित संघ के समस्त पदाधिकारियों और सदस्यों ने हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, प्रतिभागी राघव चतुर्वेदी और कोच गौरव कुमार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संघ के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि वाराणसी के खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय एवं अन्य प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जनपद और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…